दतिया जिले में लगातार हो रही बारिश से किसानों की पकी हुई धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। बारिश का असर 26 अक्टूबर से लगातार जारी है, जिससे खेतों में खड़ी फसलें गिरकर सड़ चुकी हैं। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
.
इस स्थिति को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने मंगलवार को कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने फसल का तत्काल सर्वे कराकर 20 हजार रुपए प्रति बीघा के हिसाब से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
अशोक दांगी ने कहा कि एक बीघा धान की फसल में किसान की लगभग 12 हजार रुपए की लागत आती है, जिसे किसान उधार लेकर खाद, पानी और मेहनत से तैयार करता है। लेकिन लगातार हो रही बारिश से अब फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। उन्होंने मांग की कि किसानों के बिजली बिल और कृषि ऋण की वसूली पर भी रोक लगाई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पराली में आग लगाने पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश को तत्काल वापस लिया जाए। यदि आदेश वापस नहीं हुआ और किसानों को मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
ज्ञापन सौंपने के बाद अशोक दांगी बगदा ने गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और जब तक मुआवजा नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।