बालाघाट के बगदर्रा में एक दिव्यांग युवक प्रभात लिल्हारे (23) का शव मंगलवार देर रात उसके घर में फांसी पर लटका मिला। ग्रामीण पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान कर जांच कर रही है।
.
घटना के समय युवक के परिजन एक रिश्तेदार की गमी में शामिल होने गए थे। प्रभात हाथ-पांव से दिव्यांग था। युवक के गले में जो फंदा लगा मिला है, उससे घर की बकरी बांधी जाती थी।
इसकी जानकारी एक बच्चे के माध्यम से ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया। ग्रामीण पुलिस ने रात करीब 9 बजे शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। रात होने के कारण बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
ग्रामीण थाना एएसआई जगदीश सैयाम ने बताया कि युवक का शव फांसी पर लटका मिला है। उन्होंने कहा कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।