बीजेपी नेता नीलेश रजक हत्याकांड: एनकाउंटर के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार, पत्नी ने बताया क्यों हुई हत्या!

बीजेपी नेता नीलेश रजक हत्याकांड: एनकाउंटर के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार, पत्नी ने बताया क्यों हुई हत्या!


रिपोर्ट: नारायण गुप्ता

Katni News: कटनी में बीजेपी नेता और पूर्व बजरंग दल गौ सेवा प्रमुख नीलेश रजक की हत्या के दोनों आरोपियों का पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया. प्रिंस जोसेफ (30) और अकरम खान (33) को कजरवारा क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, दोनों ने भागने की कोशिश में फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में चार राउंड गोली चलाई गई. पैरों में गोली लगने से घायल दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. उनके कब्जे से एक पिस्टल और कई कारतूस बरामद हुए.

बता दें कि 28 अक्टूबर को कैमोर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नीलेश रजक (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वे बाइक पर बाजार जा रहे थे, जब मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने सिर और छाती पर छह गोलियां दागीं. घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की. हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया. सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए, पोस्टमॉर्टम रुकवा दिया और गिरफ्तारी की मांग की. वरिष्ठ अधिकारी रातभर मौके पर डेरा डाले रहे. परिवार ने हत्या का कारण ‘लव जिहाद’ बताया.

आरोपी में थाने में दी थी धमकी
नीलेश की पत्नी सुचिता रजक ने कहा, “क्षेत्र में लव जिहाद की शिकायत पर नीलेश ने आवाज उठाई, तो पुलिस ने उल्टा उन पर ही एफआईआर दर्ज की. अमरैया पार में मुस्लिम समुदाय के लोग नशे का कारोबार करते हैं. अकरम ने थाने में ही नीलेश को गोली मारने की धमकी दी और मार भी दिया. टीआई और मुंशी इसमें दोषी हैं.” बहन रानी रजक ने मांग की, “नीलेश के दो बच्चों की पढ़ाई और पत्नी को नौकरी दें.” मां माया रजक भावुक होकर बोलीं, “दोषियों को खुलेआम सबके सामने मार दो.”

घर पर चलेगा बुलडोजर!
विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने कहा, “बच्ची से छेड़खानी पर नीलेश ने विरोध किया, तो खुलेआम गोली मार दी. कटनी पुलिस ने गिरफ्तारी की कोशिश की तो बदमाशों ने बंदूक से हमला कर दिया. मुठभेड़ में पैरों में गोली लगी. आरोपियों को नोटिस देकर घर के कागजात न होने पर तोड़ने की कार्रवाई होगी.”

लव जिहाद का कोई मामला नहीं
वहीं, कटनी एएसपी संतोष डेहरिया ने लव जिहाद को खारिज किया. उन्होंने बताया, “नीलेश की हत्या दो युवकों ने की. हमने आठ टीमें गठित कीं. सूचना मिली कि आरोपी कजरवारा से भागने वाले थे. सरेंडर की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में चार राउंड चली. दोनों घायल हैं, इलाज के लिए जबलपुर भेजा. फिलहाल लव जिहाद जैसा कोई मामला नहीं. एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है, हालात नियंत्रण में.”

सीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने टीआई अरविंद जैन और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर पुलिस लाइन में भेज दिया है. वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं. नीलेश परिवार के इकलौते कमाने वाले थे. पांच वर्षीय बेटी, 11 वर्षीय बेटा और बुजुर्ग मां उन पर पर निर्भर थीं.



Source link