Last Updated:
India Vs Aus: गौतम गंभीर की मिट्टी सनी जर्सी और जेमिमा रोड्रिग्स की चमचमाती जर्सी ने भारत को वर्ल्ड कप में गौरव दिलाया, दोनों की जज्बे भरी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं.
भारत की बेटियों ने जैसे ही ऑस्ट्रलिया को वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में शिकस्त दी, सोशल मीडिया में एक तस्वीर ने तहलका मचा दिया. इसमें एक ओर मिट्टी से सनी नीली जर्सी वाले गौतम गंभीर हैं, तो दूसरी तरफ वुमेंस वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की चमचमाती नीली जर्सी वाली जेमिमा रोड्रिग्स. लोग लिख रहे, क्रिकेट क्वीन ने वो यादें एक बार फिर ताजा कर दी और गर्व से झूमने पर मजबूर कर दिया. लेकिन सवाल ये है कि इन दोनों के बीच क्या कनेक्शन है? क्यों गंभीर की 14 साल पुरानी जर्सी और जेमिमा का आज का शतक एक साथ ट्रेंड कर रहा है?
अप्रैल 2011, मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम. वर्ल्ड कप फाइनल. भारत vs श्रीलंका. सचिन का आखिरी मौका. पूरा देश टीवी से चिपका हुआ था. श्रीलंका ने 274 रन ठोके. भारत की शुरुआत बेकार रही. सचिन सिर्फ 18 पर बनाकर आउट हो गए. फिर गौतम गंभीर और विराट कोहली ने 83 रन जोड़े. लेकिन असली खेल गंभीर का था. वो डाइव मारते, रन चुराते, गेंद को बाउंड्री भेजते. जर्सी पर मिट्टी चिपकती गई. बारिश से गीला मैदान, मिट्टी लथपथ. लेकिन गंभीर रुके नहीं. 122 गेंदों पर 97 रन बनाए. बस 3 रन और, सेंचुरी हो जाती. लेकिन पेरेरा ने बोल्ड कर दिया. थोड़ी निराशा हुई, लेकिन धोनी ने सिक्स मारकर मैच खत्म किया, और भारत 28 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बना. उस रात की सबसे यादगार तस्वीर? गंभीर की मिट्टी से सनी जर्सी. वो नीला रंग भूरा पड़ गया था. फैंस ने कहा, ये गंदगी नहीं, ये देश के लिए कुर्बानी है. गंभीर ने बाद में कहा, सेंचुरी का अफसोस है, लेकिन वर्ल्ड कप जीतना बड़ा था. आज भी वो फोटो क्रिकेट की किताबों में है- जुनून की मिसाल.
जेमिमा रोड्रिग्स: भारत की शेरनी
नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम. वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 का सेमीफाइनल. भारत vs ऑस्ट्रेलिया. ऑस्ट्रेलिया ने 338/6 ठोके. भारत को चाहिए 339 रन, वुमेंस ODI का सबसे बड़ा चेज. शुरुआत खराब रही, क्योंकि शेफाली 10 और मंधाना 24 पर आउट हो गईं. स्कोर 55/2. फिर आईं जेमिमा. मुंबई की लड़की, होम ग्राउंड पर. हरमनप्रीत कौर के साथ 167 रनों की पार्टनरशिप. हरमन 89 पर आउट, लेकिन जेमिमा नहीं रुकीं. 134 गेंदों पर नाबाद 127 रन ठोंक डाले. स्ट्राइक रेट 95. 42वें ओवर में सिंगल लेकर सेंचुरी पूरी की. कोई बड़ा सेलिब्रेशन नहीं, बस हेलमेट उतारा, और चेज पर फोकस. ऑस्ट्रेलिया ने दो कैच ड्रॉप किए, लेकिन जेमिमा ने मौके का फायदा उठाया. 48.3 ओवर में 341 रन बनाकर भारत को फाइनल में पहुंचा दिया. पहली बार वुमेंस टीम ने वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इतना बड़ा चेज किया. यूजर्स यह देखकर खुशी में उछल पड़े. कोई कह रहा कि ये तो हमारी क्रिकेट क्वीन है, किसी ने कहा, भारत की शेरनी. किसी ने लिखा, भारत की शेरनी ने कंगारुओं का शिकार कर लिया.