शाजापुर जिले के मक्सी में रविवार रात करीब 11 बजे दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को निजी अस्पताल में रेफर किया
.
जानबूझकर पर टक्कर मारने का आराेप
घायलों में से एक मनोज गुर्जर मक्सी रेलवे स्टेशन कैंटीन की दुकान चलाते हैं। उनके पिता अंबाराम गुर्जर ने बताया कि मनोज रात में घर लौट रहे थे, तभी सामने से आई एक बाइक ने टक्कर मार दी।
अंबाराम ने आरोप लगाया कि यह साधारण हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला है। उनके अनुसार, कैंटीन में काम करने वाले एक व्यक्ति ने ही बाइक से मनोज को टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मनोज को उसी व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में मनोज को उचित उपचार नहीं मिला, जिसके बाद वे उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए।
दूसरे घायल का जिला अस्पताल में इलाज
हादसे में दूसरा घायल वीर सिंह वर्मा, भोपाल का रहने वाला है। वह मक्सी की ही एक कैंटीन में काम करता है। वीर सिंह ने बताया कि रात में उन्हें उनके मालिक ने सामान लाने भेजा था, तभी सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। फिलहाल उनका उपचार शाजापुर जिला अस्पताल में जारी है।
TI- शिकायत मिलेगी तो होगी कार्रवाई
इस मामले में मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। यदि किसी पक्ष से शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।