नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के रावतपुरा गांव में गुरुवार शाम मामूली विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। खेत की मेड़ पर चारा काटने की बात पर हुए इस विवाद में लाठी-डंडों और तलवार से हमला किया गया, जिसमें एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
जिला चिकित्सालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस विवाद में रावतपुरा निवासी 60 वर्षीय देवीलाल पिता किशनलाल किर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। उनके सिर में करीब 35 टांके आए हैं।
घायल देवीलाल के परिजनों ने बताया कि देवीलाल अपने पुत्र अशोक और बहू संगीता के साथ खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान रमेश कीर, दिनेश कीर, जगदीश कीर, रोशन सहित अन्य लोगों ने चारा काटने की मामूली बात पर विवाद शुरू कर दिया और लाठी-डंडों तथा तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में देवीलाल किर के साथ अशोक किर और संगीता बाई भी घायल हो गए।
घायलों को तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में अशोक और संगीता को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
