मंदसौर जिले में शुक्रवार को स्कूली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय सामने आया है। अमलावाद रोड से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो में छात्राओं को ओवरलोडेड मैजिक वाहन में लटककर स्कूल जाते हुए देखा जा सकता है।
.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने परिवहन विभाग और स्कूल प्रशासन की उदासीनता को उजागर कर दिया है। कई छात्राएं वाहन के पीछे खतरनाक तरीके से लटककर सफर कर रही हैं, जो उनकी जान के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल आने-जाने के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था न होने के कारण बच्चे और विशेषकर छात्राएं इस तरह जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा पाने के लिए उन्हें रोजमर्रा में ऐसे खतरों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि अत्यधिक लोड वाले वाहनों की अनुमति पर रोक लगाई जाए, और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
