बड़वानी पुलिस ने 4 स्थाई वारंटियों को दबोचा: ऑपरेशन हवालात के तहत लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार – Barwani News

बड़वानी पुलिस ने 4 स्थाई वारंटियों को दबोचा:  ऑपरेशन हवालात के तहत लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार – Barwani News


बड़वानी पुलिस ने ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई।

.

पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने माननीय न्यायालय बड़वानी से प्राप्त स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को ‘ऑपरेशन हवालात’ चलाने के सख्त निर्देश दिए थे।

इन निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी बड़वानी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह ने वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन कर योजनाबद्ध रणनीति तैयार की। टीम ने लगातार निगरानी, गुप्त सूचनाओं के संकलन और छापामार कार्रवाई के माध्यम से इन वारंटियों को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में राकेश पिता धूलसिंह सेनानी (32 वर्ष), निवासी ग्राम वर्लियापानी, थाना निवाली शामिल है। वह प्रकरण क्रमांक 794/2013, धारा 138 एन.आई. एक्ट में वांछित था और उसे निवाली से गिरफ्तार किया गया। दूसरा वारंटी कय्यूम पिता मुस्तकीम मंसूरी (50 वर्ष), निवासी कसरावद बसाहट, बड़वानी है, जो प्रकरण क्रमांक 274/2013, धारा 138 एन.आई. एक्ट में फरार था और उसे कसरावद बसाहट से पकड़ा गया।

तीसरा वारंटी रवि पिता रमेश अवस्या, निवासी ग्राम पिछोड़ी, बड़वानी है, जिसे प्रकरण क्रमांक 581/2020, धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट के तहत पिछोड़ी जंगल से गिरफ्तार किया गया। चौथा वारंटी दिनेश पिता दगड़िया मानकर (35 वर्ष), निवासी भीलखेड़ा बसाहट, बड़वानी है, जो प्रकरण क्रमांक 504/2020, धारा 13 जुआ एक्ट में वांछित था और उसे भीलखेड़ा बसाहट से दबोचा गया।

सभी गिरफ्तार वारंटियों को 08 नवंबर 2025 को न्यायालय बड़वानी में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के वारंटों की प्रभावी तामीली और अपराधियों पर निगरानी रखने के प्रति बड़वानी पुलिस की सतर्कता और जिम्मेदारी को दर्शाती है। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



Source link