शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा गांव में एक किराना दुकानदार से लूट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह घटना 2 नवंबर की रात को हुई थी। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
.
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 10 बजे चार बदमाश बुलेट बाइक पर सवार होकर जोरा गांव स्थित किराना दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार उमेश कुमार गौतम से सिगरेट और नमकीन ली। जब उमेश ने उनसे पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उसे धमकाया और गाली-गलौज की।
बदमाशों ने दुकानदार उमेश के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वे दुकान से 15 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
आरोपी जबलपुर से पकड़ाए
पुलिस जांच में सामने आया कि दुकानदार उमेश एक आरोपी को पहचानता था। अन्य आरोपियों ने भी अपना नाम बताया था। इसी आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को जबलपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में ब्यौहारी निवासी हैप्पी दुबे, जबलपुर निवासी उदय पांडे उर्फ चोंगा और एक नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 5 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। इस मामले में वार्ड नंबर 9, ब्यौहारी निवासी आशीष साकेत की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी आशीष साकेत के पास है।