Last Updated:
Dhruv Jurel twin hundreds: चोट के बाद वापसी कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की वापसी से कोलकाता टेस्ट में प्लेइंग इलेवन चयन मुश्किल हुआ. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले ध्रुव जुरेल शानदार फॉर्म में हैं. उनके विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर खेलने की संभावना है.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय विकेटकीपर और उपकप्तान ऋषभ पंत जब टीम में वापसी करेंगे. ध्रुव जुरेल के शानदार फॉर्म को टीम मैनेजमेंट के लिए नजरअंदाज करना काफी मुश्किल होगा. सीरीज का पहला टेस्ट मैच कोलकाता में 14 नवंबर से शुरू होगा और इसमें जुरेल का बल्लेबाज के तौर खेलना लगभग तय माना जा रहा है.

टीम के प्रमुख विकेटकीटपर ऋषभ पंत जब टखने के फ्रैक्चर से उबर रहे थे, तब ध्रुव जुरेल ने भारत के लिए पिछले तीन टेस्ट मैचों लंदन (ओवल), अहमदाबाद और दिल्ली में विकेटकीपिंग की थी. उप-कप्तान की वापसी ने कोलकाता में एक हफ्ते से भी कम समय में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले प्लेइंग इलेवन के सलेक्शन को मुश्किल बना दिया है.

घरेलू सीजन की शुरुआत से जुरेल ने 140, एक और 56, 125, 44 और छह, नाबाद 132 और नाबाद 127 रन की शानदार पारियां खेली है. उन्होंने इस दौरान फर्स्ट क्लास के पिछले आठ मैच में तीन शतक और एक अर्धशतक लगाये है. इसमें से एक शतक टेस्ट मैच में आया है.

बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘‘जुरेल के विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर खेलने की संभावना है. उन्हें साईं सुदर्शन की जगह तीसरे क्रम या हरफनमौला नीतीश कुमार रेड्डी की जगह निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतारा जा सकता है. भारतीय परिस्थितियों में टीम को रेड्डी की गेंदबाजी की ज्यादा जरूरत नहीं होगी.’’

भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ खेल सकता है. महेंद्र सिंह धोनी और दिनेश कार्तिक, धोनी और पार्थिव पटेल, धोनी और ऋषभ पंत अलग-अलग समय पर भारत के लिए एक ही सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा रहे हैं.

टेस्ट इलेवन में दो विशेषज्ञ विकेटकीपरों के होने के ज्यादा उदाहरण नहीं हैं. किरण मोरे और चंद्रकांत पंडित ने 1986 में कुछ टेस्ट मैच खेले (एक इंग्लैंड में और एक भारत में). पंडित एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में खेले.