भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम में संजू सैमसन को लाने के लिए रवींद्र जडेजा जैसे ऑलराउंडर की भी कुर्बानी दे देंगे.आईपीएल 2026 के रिटेंशन से पहले सबसे बड़ी ट्रेड अफवाह यह है कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रवींद्र जडेजा और सैम कुरेन की जगह संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से हासिल कर सकती है. चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी टीम में महेंद्र सिंह धोनी के सही उत्तराधिकारी की तलाश है. माना जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम संजू सैमसन को अपना कप्तान बनाना चाहती है.
‘सैमसन के लिए जडेजा की कुर्बानी देंगे धोनी’
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी का लक्ष्य चेन्नई सुपर किंग्स को फिर से चैंपियन बनाना है और वह रवींद्र जडेजा की कुर्बानी देने के लिए तैयार होंगे, भले ही यह ऑलराउंडर पिछले कुछ सालों में चेन्नई सुपर किंग्स की सफलता का बड़ा कारण रहा हो. कैफ ने कहा, ‘धोनी के लिए टीम को जीत दिलाना सबसे बड़ा लक्ष्य है. अगर वह दोबारा खेलने आएंगे, तो वह सोचेंगे कि पिछले साल सीएसके दसवें स्थान पर रही थी. वह एक स्वाभिमानी व्यक्ति हैं; इसलिए उनका सबसे बड़ा लक्ष्य टीम को एक और ट्रॉफी जिताना होगा. कोई भी टीम किसी एक खिलाड़ी के दम पर ट्रॉफी नहीं जीत सकती.’
पूर्व क्रिकेटर के बयान से मची सनसनी
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘अगर सीएसके की भलाई के लिए जडेजा की बलि देनी पड़े, तो धोनी ऐसा करेंगे. लोग कहते हैं कि धोनी दोस्ती के आधार पर काम करते हैं और वह ऐसा करते भी हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनका ध्यान जीत से हट जाए. उनका लक्ष्य सीएसके को चैंपियन बनाना है. इसलिए अगर ऐसा करना पड़ा, तो वह जडेजा को छोड़ देंगे. अगर धोनी को लगता है कि उन्हें टीम के लिए कोई बेहतर विकल्प मिल सकता है, तो वह फैसला लेंगे.’
चेन्नई के भविष्य के कप्तान हो सकते हैं सैमसन
मोहम्मद कैफ का यह भी मानना है कि संजू सैमसन ने महेंद्र सिंह धोनी से फोन पर बात की होगी, क्योंकि वह चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं. मोहम्मद कैफ को यह भी लगता है कि संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के भविष्य के कप्तान भी हो सकते हैं. मोहम्मद कैफ ने आगे कहा, ‘अगर संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने की संभावना है, तो काफी फोन कॉल्स होंगे. संजू सैमसन ने जरूर फोन किया होगा. पर्दे के पीछे, काफी फोन कॉल्स होते हैं. संजू ने चेन्नई सुपर किंग्स से, या शायद धोनी से बात की होगी, ‘भाई क्या लगता है.’ देखिए, धोनी टीम चलाते हैं, और अगर चेन्नई सुपर किंग्स इस बार संजू को चाहता है, तो वह भविष्य के कप्तान भी हो सकते हैं. इसका मतलब यह भी है कि यह धोनी का आखिरी साल है. नहीं तो वे संजू को क्यों चाहेंगे? रवींद्र जडेजा लंबे समय से CSK के लिए खेल रहे हैं. संजू सैमसन के बल्लेबाजी टैलेंट को देखते हुए चेन्नई सुपर किंग्स में ऋषभ पंत या केएल राहुल के मुकाबले उनके सफल होने की संभावना ज्यादा है. संजू सैमसन नंबर 3 या 4 पर आ सकते हैं, और बीच के ओवरों में छक्के लगा सकते हैं.’