भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 14 नवंबर से ईडन गार्डन्स में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच के लिए दोनों टीमों ने कमर कस ली है. खबर है कि इस मुकाबले में टॉस भी बेहद खास होने वाला है. टॉस के दौरान गोल्ड क्वाइन का इस्तेमाल किया जा सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस टेस्ट में टॉस के दौरान महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला की तस्वीर वाला एक विशेष ‘गोल्ड कॉइन’ का इस्तेमाल किया जाएगा.
खास क्वाइन से क्यों होगा टॉस?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) ने इस मुकाबले के लिए एक गोल्ड कॉइन पेश किया है, जिसके एक तरफ महात्मा गांधी और दूसरी तरफ नेल्सन मंडेला की तस्वीर है. यह शांति, स्वतंत्रता और अहिंसा के मूल्यों का प्रतीक है. सीएबी अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बताया है कि यह कॉइन विशेष रूप से इस सीरीज के लिए बनाया गया है और टॉस के दौरान इसका इस्तेमाल किया जाएगा.
गावस्कर देंगे स्पीच
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मैच की पूर्व संध्या पर, सीएबी 13 नवंबर को जगमोहन डालमिया स्मृति व्याख्यान का आयोजन करेगा. इसमें सुनील गावस्कर दोनों देशों के खिलाड़ियों की उपस्थिति में भाषण देंगे. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी रविवार शाम को कोलकाता पहुंच गए हैं. इस सीरीज में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी शामिल हैं, जो लंबे वक्त बाद टीम में वापसी को बेताब हैं. वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम के उप-कप्तान होंगे.
ये भी पढे़ं.. Samson vs Jadeja: संजू सैमसन या रवींद्र जडेजा… किसकी कमाई सबसे ज्यादा? सातवें आसमान पर नेट वर्थ और सैलरी
WTC पाइंट्स टेबल का कैसा है हाल?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारत 7 में से 4 टेस्ट मैच जीतकर 61.90 अंक प्रतिशत (पीसीटी) के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है. टीम इंडिया ने अब तक 2 टेस्ट गंवाए हैं, जबकि 1 मैच ड्रॉ रहा. दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी टीम 2 में से 1 मैच जीतकर 50.00 अंक प्रतिशत (पीसीटी) के साथ चौथे पायदान पर है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरुआती तीनों टेस्ट जीतकर शीर्ष पर है, जबकि 2 में से 1 मैच जीतकर श्रीलंकाई टीम दूसरे स्थान पर मौजूद है.