बड़वानी के पानसेमल थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर अज्ञात बदमाशों ने सोने के आभूषण चुरा लिए। यह घटना पानसेमल नगर के दुर्गा मंदिर के पास हुई, जहां दो बाइक सवार बदमाशों ने मन्नत के बहाने महिला को ठगा।
.
मन्नत के बहाने महिला से की ठगी
वार्ड निवासी श्रीमती मंगला एकनाथ सोनी हर दिन की तरह मंदिर में पूजा के लिए जा रही थीं। रास्ते में उन्हें दो व्यक्ति मिले, जिन्होंने उनसे मंदिर का रास्ता पूछा और बताया कि उन्हें मन्नत की राशि चढ़ानी है।
बदमाशों ने महिला से कहा कि वे अपनी मन्नत की राशि में सोने के जेवर स्पर्श करना चाहते हैं, और फिर उसे भगवान को अर्पित करेंगे। उन्होंने महिला से अपने सोने के आभूषण निकालने को कहा।
महिला से निकलवाएं सोने के गहने
महिला ने अपनी सोने की अंगूठी और चेन उन्हें दी। बदमाशों ने चालाकी से आभूषणों को एक पुड़ी में बांधा और महिला से उसे मंदिर में चढ़ाने को कहा। जब महिला ने थोड़ी देर बाद पुड़ी उठाई, तो उसमें से सोने के आभूषण और 4460 रुपए गायब थे।
ठगों के कहने पर दोबारा मंदिर गई पीड़ित
श्रीमती मंगला एकनाथ शिंदे ने बताया कि वह सुबह 9:30 बजे घर से मंदिर गई थीं। पूजा के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय उन्हें वे दो लोग मिले। उनके कहने पर वह फिर से मंदिर गईं और बदमाशों ने ब्राह्मण को दक्षिणा भी दी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और शातिर आरोपियों की तलाश जारी है। यह भी बताया गया कि घटना स्थल के निकट ही एफआरवी वाहन खड़ा रहता है, बावजूद इसके बदमाशों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया।