अक्षर या कुलदीप? दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्लेइंग XI में किसे मिलेगी जगह

अक्षर या कुलदीप? दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्लेइंग XI में किसे मिलेगी जगह


नई दिल्ली. भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच को लेकर अपने प्लेइंग इलेवन के पत्ते नहीं खोले हैं. कोलकाता में शुक्रवार से खेले जाने वाले सीरीज के पहले टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर गिल से जब अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के खेलन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसे आसानी से टाल दिया. गिल ने कहा कि हम प्लेइंग इलेवन के बारे में आपको कल ही बताएंगे. टॉस के समय प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को बताएंगे. गिल ने स्वीकार किया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले भारत अपने गेंदबाजी संयोजन को लेकर ‘टकराव’ की स्थिति का सामना कर रहा है. जिसमें अक्षर पटेल की ऑलराउंड उपयोगिता और कुलदीप यादव की विकेट लेने की क्षमता के बीच मुकाबला है.

मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की बल्लेबाजी में गहराई को प्राथमिकता देने की रणनीति अक्षर को मजबूत दावेदार बनाती है. फिर भी कुलदीप की फॉर्म और समूह में विकेट चटकाने की क्षमता ने मैच की सुबह तक चर्चा को खुला रखा है. गिल ने ईडन गार्डन्स पर पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, ‘हां, साल के इस समय में हमेशा यह दुविधा रहती है कि अतिरिक्त ऑलराउंडर को उतारा जाए या अतिरिक्त स्पिनर को. इसलिए मैंने कहा कि हम सुबह विकेट देखेंगे और तय करेंगे कि कौन सा संयोजन हमें टेस्ट मैच जीतने का सबसे अच्छा मौका देता है. अक्षर और कुलदीप में से टीम किसे चुनेगी यह पूछे चाहने पर गिल ने कहा कि इसे कल के लिए छोड़ देते हैं. टॉस के समय पता चल जाएगा.’

शुभमन गिल ने कहा कि टॉस के समय प्लेइंग इलेवन का खुलासा करेंगे.

अक्षर और कुलदीप दोनों ने गंभीर की निगरानी में नेट पर लंबे समय तक गेंदबाजी की और फिर लंबे समय तक बल्लेबाजी की क्योंकि थिंक टैंक ने उनकी मैच की तैयारी का आकलन किया. तेज गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का ईडन गार्डन्स में अंतिम एकादश में शामिल होना तय है जबकि आकाश दीप टीम में तीसरे तेज गेंदबाज हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पिछले घरेलू टेस्ट में भारत ने कुलदीप को तीसरे स्पिनर के रूप में उतारा था। वह 19.50 की औसत से 12 विकेट लेकर टीम के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे.

बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए की ओर से खेलते हुए कुलदीप सपाट पिच पर दोनों पारियों में सिर्फ एक विकेट हासिल कर पाए. अधिक खुलासा किए बिना भारतीय कप्तान ने कहा कि मैच का परिणाम बदलने में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने कहा, ‘यह लगभग तय हो चुका है. विकेट कल से अलग दिख रहा है. हम इसे कल सुबह देखेंगे. भारत के इस हिस्से में रोशनी थोड़ी जल्दी कम हो जाती है इसलिए हमें इस बात का ध्यान रखना होगा. आमतौर पर सुबह और शाम को तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है. कल विकेट का जायजा लेने के बाद, हम उसके अनुसार फैसला लेंगे.’

उन्होंने कहा, ‘और हां, जब भी हम भारत में खेलते हैं, आमतौर पर स्पिनर ही मैच का फैसला करते हैं. आपका स्पिन आक्रमण जितना बेहतर होगा, जीतने की संभावना उतनी ही बेहतर होगी.’ गिल ने वाशिंगटन सुंदर, जडेजा और अक्षर के बल्लेबाजी में योगदान पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘‘हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास अच्छे बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं, चाहे वह अक्षर हों, वाशिंगटन या जडेजा। उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का रिकॉर्ड शानदार है, खासकर भारत में। यह रोमांचक टेस्ट मैच होगा और टीम के पास अधिक विकल्प होना अच्छी बात है.’

हालांकि गिल इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि अगर कोलकाता में पिच सूखी रहती है तो तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘अगर विकेट सूखा हो तो रिवर्स स्विंग अहम भूमिका निभाती है. इंग्लैंड के खिलाफ 2024 की सीरीज के दौरान तेज गेंदबाजों ने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए थे, जबकि पिचें स्पिन के अनुकूल थीं. अगर पिच से रिवर्स स्विंग मिल रही हो तो तेज गेंदबाजों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है.’

(इनपुट-भाषा से भी) 



Source link