मंदसौर पुलिस ने हज यात्रा करवाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर एसपी विनोद कुमार मीणा ने ₹5000 का इनाम घोषित किया था। आरोपी मंदसौर और उज्जैन के आठ लोगों से कुल ₹18 लाख 62 हजार की ठगी कर फरार थे।
.
टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पीड़ित मोहम्मद रशीद (51) सहित आठ लोगों ने आरोपियों से हज यात्रा के लिए संपर्क किया था। सभी ने मिलकर ₹18.62 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे, लेकिन आरोपियों ने न यात्रा करवाई और न ही पैसे लौटाए। इस संबंध में पीड़ितों की शिकायत पर थाना कोतवाली मंदसौर में अपराध क्रमांक 496/2025 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जोधपुर से पकड़ाया आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी ओवेश रजा उर्फ आवेश (25) और सैय्यद हैदर अली (33) दोनों राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले है। तकनीकी सहायता और मुखबिर की मदद से पुलिस टीम ने जोधपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। टीम अब ठगी की गई राशि की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
इन आठ लोगों से की थी ठगी
पीड़ितों में मोहम्मद रशीद, शबीह पयामी, रफत पयामी, अख्तर सिद्दीकी, रईस अली पिता सुल्तान अली, शबशाद बी पति रईस अली (सभी मंदसौर निवासी), जमीर उल हक और बुशरा (उज्जैन निवासी) शामिल हैं।