ग्वालियर में एक युवक को उसके सालों ने बेरहमी से तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। घायल जीजा अपने बीमार ससुर को देखने भोपाल से ग्वालियर आया था। सालों ने रात को उसे शराब पार्टी के लिए बुलाया। जब नशा चढ़ गया तो साले ने सगाई तुड़वाने का आरोप लगाते ह
.
पिटते-पिटते बहनोई बेहोश हो गया, तो हमलावर उसे अस्पताल छोड़कर भाग गए। घटना 5 नवंबर 2025 की रात 11 बजे आस्था नगर, महाराजपुरा की है। घायल की हालत गंभीर होने पर शनिवार को पुलिस ने अस्पताल में उसके बयान दर्ज कर मामले में FIR की है।
शराब पार्टी के बहाने बुलाया, सगाई टूटने का आरोप लगाकर कर दी पिटाई
भिंड के गोरमी निवासी 25 साल के सतीश कुशवाह अभी बिरला मंदिर के पास ओम नगर भोपाल में रहते हैं। वह वहां स्वीट्स शॉप पर जॉब करते हैं। सतीश ने पुलिस को बताया है कि ग्वालियर में बड़ागांव राइजनिंग सिटी में उसकी ससुराल है। उसके ससुर की तबीयत कुछ ठीक नहीं थी, इसलिए करीब एक माह से उसकी पत्नी यहां ग्वालियर में थी।
चार नवंबर को वह ससुर को देखने ग्वालियर आया था। पांच नवंबर की शाम को साला राहुल कुशवाह और राहुल का साला जीतू कुशवाह ने उसे दारू पार्टी का ऑफर दिया। जिस पर वह उनके साथ जीतू कुशवाह के किराए के मकान, आस्था नगर पहुंचा। यहां जीतू और राहुल ने उसे शराब पिलाई।
रात करीब 11 बजे जब जीजा नशे में आ गया, तो राहुल कहने लगा कि उसके कारण उसके भाई गौरव की सगाई टूट गई और उसने ही लड़की वालों से उसकी बुराई की है। इस पर सतीश ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि वह तो लड़की वालों को जानता तक नहीं है। लेकिन वे नहीं माने और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया, तो दोनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
गौरव को बुलाया और फिर बरसाए लाठी-डंडे
उसकी बेरहमी से पिटाई करने के बाद उन्होंने छोटे साले गौरव को भी बुला लिया और उसके आते ही उस पर लाठी-डंडे बरसाए। मारपीट से वह बेहोश हो गया, तो हमलावर उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका था।
48 घंटे बाद आया होश, अब दर्ज हुए बयान
आरोपियों ने उसकी इतनी बेरहमी से मारपीट की थी कि वह दो दिन तक अस्पताल में बेहोशी की हालत में रहा। जब उसे होश आया, तो पुलिस पहुंची और घायल से पूछताछ की। तब पता चला कि उसकी पिटाई साले और रिश्तेदार ने की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई महाराजपुरा यशवंत गोयल ने बताया-
एक घायल की शिकायत पर उसके ही सालों के खिलाफ बेरहमी से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।
