नई दिल्ली. ग्लेन मैक्सवेल आईपीएल 2026 में नई फ्रेंचाइजी की ओर से खेल सकते हैं. पंजाब किंग्स ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया है. मैक्सवेल को ऑक्शन से पहले रिलीज किए जाने की वजह टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने बताई है.पोंटिंग ने टीवी पर लाइव आकर यह कहा कि दुर्भाग्वश हम पिछले साल मैक्सवेल का बेस्ट प्रदर्शन नहीं निकलवा सके. 15 नवंबर को आईपीएल रिटेंशन की आखिरी तारीख थी. पंजाब ने मैक्सवेल के साथ जोश इंगलिस, आरोन हार्डी, कुलदीप सेन और प्रवीण दुबे को भी रिलीज़ कर दिया.
साल 2025 में पंजाब किंग्स ने विक्टोरिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) पर 4.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे. लेकिन मैक्सवेल पूरे सीजन रन के लिए जूझते रहे.उन्होंने छह पारियों में 8 की औसत और 97.95 के स्ट्राइक रेट से केवल 48 रन बनाए. पिछले सीजन में पीबीकेएस के मुख्य कोच का पद संभालने वाले पोंटिंग ने कहा कि टीम मैक्सवेल से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं करवा पाई, और वह आगामी सीज़न के लिए उनकी पहली एकादश का हिस्सा नहीं होते.
मैक्सवेल को पंजाब ने बाहर कर दिया है.
‘हमें नहीं लगा कि वह हमारी शुरुआती टीम का हिस्सा होंगे’
रिकी पोंटिंग ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘ग्लेन और खेल में उनके योगदान से मुझे बहुत प्यार है. दुर्भाग्य से, पिछले साल हम उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं करवा पाए. इस सीज़न को देखते हुए, हमें नहीं लगा कि वह हमारी शुरुआती टीम का हिस्सा होंगे, इसलिए हमने उन्हें रिलीज करने का फैसला किया.’ पंजाब किंग्स के पर्स में 11.5 करोड़ रुपये बचे हैं जबकि वह ऑक्शन में 4 खिलाड़ियों को खरीदेगी.
आईपीएल के 13 सीजन खेल चुके हैं मैक्सेवल
मैक्सवेल का आईपीएल करियर मिलाजुला रहा है. उन्होंने आईपीएल के 13 सीजन खेले जिसमें उनके बल्ले से 155.15 के स्ट्राइक रेट से 2,819 रन निकले. उनका सबसे बेहतरीन सीजन 2014 रहा, जिसमें उन्होंने 16 पारियों में 187.8 के स्ट्राइक रेट से 552 रन बनाए. जबकि 2021 में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और 42.75 की औसत से 513 रन बनाए. 2024 का सीजन मैक्सवेल के लिए निराशाजनक रहा, जिसमें उन्होंने नौ पारियों में 5.78 की औसत से केवल 52 रन बनाए. अपनी पिछली 15 आईपीएल पारियों में मैक्सवेल ने 6.67 की औसत से केवल 100 रन बनाए हैं. जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 30 रहा है.
पंजाब किंग्स ने 5 खिलाड़ियों को किया रिलीज: जोश इंग्लिस, आरोन हार्डी, ग्लेन मैक्सवेल, कुलदीप सेन, प्रवीण दुबे.
पंजाब किंग्स ने रिटेन किए खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, प्रियांश आर्य, शशांक सिंह, प्यला अविनाश, हरनूर पन्नू, मुशीर खान, प्रभसिमरन सिंह, विष्णु विनोद, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, अमातुल्लाह उमरजई, सूर्यांश शेडगे, मिशेल ओवेन, अर्शदीप सिंह, विशक विजयकुमार, यश ठाकुर, जेवियर बार्लेट, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार.