सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार चौक में देर रात अज्ञात कारणों से दो दुकानों में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
.
जानकारी के अनुसार, केवलारी के बाजार चौक में स्थित एक जूते-चप्पल की दुकान और एक जनरल व पान की दुकान आग की चपेट में आ गई। आसपास के लोगों ने दुकानों से धुआं और आग की लपटें उठती देख पुलिस को सूचना दी।
फायर बिग्रेड पहुंचने से पहले जलकर राख हुआ दुकान
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल वाहन को बुलाया गया। दमकल के पहुंचने तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दमकल वाहन की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
यह घटना जिस जगह हुई, वहां अन्य मकान और दुकानें भी पास में थीं। यदि आग अन्य इमारतों तक फैलती तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम ने बताया कि बाजार चौक स्थित दुकानों में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर दमकल की मदद से आग बुझाई गई।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। नष्ट हुई सामग्री के मूल्य का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।