सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न में स्थित एक शॉपिंग प्लाजा से बड़े पैमाने पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। नगर निगम द्वारा दो साल पहले जर्जर घोषित कर बंद किए गए इस प्लाजा से अब तक 35 दुकानों के शटर और लगभग 30 मीटर से अधिक लोहे की रेलिंग चोरी हो चुकी है।
.
यह शॉपिंग प्लाजा वर्ष 2008 में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था। वर्ष 2023 में इसे असुरक्षित घोषित कर दुकानदारों से खाली करवाया गया था। इसके बाद से ही यह भवन चोरों और कबाड़ियों का निशाना बन गया है।
आश्चर्यजनक रूप से, यह प्लाजा कोतवाली थाना से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके ठीक पास ही पुलिस का चेकिंग प्वाइंट और नाइट-गश्त प्वाइंट भी मौजूद है, बावजूद इसके चोरी की बड़ी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जो पुलिस और नगर निगम की लापरवाही को उजागर करती हैं।

इस मामले पर पुलिस अधिकारी कैमरे पर कुछ भी कहने से बचते दिखे। उन्होंने बताया कि चोरी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
दूसरी ओर, नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने जिम्मेदारी पुलिस पर डालते हुए कहा कि प्लाजा कोतवाली के पास होने के कारण पुलिस को इसकी निगरानी करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निगम की टीम मौके का निरीक्षण करेगी और आवश्यक शिकायत भी दर्ज कराएगी।

स्थानीय निवासी ब्रजेश शुक्ला ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लाजा लंबे समय से खुले मैदान की तरह पड़ा है, जहां रात के समय संदिग्ध गतिविधियां बढ़ गई हैं। उन्होंने करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति की चोरी और जिम्मेदार विभागों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
