दतिया में शनिवार को महिला थाने में एक नवविवाहता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर लगातार दहेज की मांग करने, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा दहेज में दिए गए जेवर व सामान हड़पने का आरोप लगाया ह
.
जुझारपुर गांव निवासी 21 वर्षीय पीड़िता की शादी कुछ समय पूर्व ओरछा के जिजौरा गांव निवासी नीरज वंशकार के साथ हुई थी। विवाह के समय पीड़िता के परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार कूलर, पंखा, पलंग, फ्रिज, अलमारी, सोफा सेट, एलईडी टीवी, ड्रेसिंग टेबल, रसोई के बर्तन सहित करीब दो लाख रुपए नकद और सोने के जेवर दिए थे। विवाह के शुरुआती तीन महीने सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, पति नीरज, सास सगुन, जेठ अरविंद और जेठ जयकिशन उस पर मायके से 1 लाख रुपए नकद और सोने की चेन लाने का दबाव बनाने लगे।
जब पीड़िता ने इस मांग को पूरा करने से मना कर दिया, तो उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज बढ़ने लगी। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों का रवैया और आक्रामक होता गया।
घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है, जब दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि इस दौरान विवाह में दिए गए सोने के गले का हार, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, नाक-कान के सोने के फूल, अंगूठी और चूड़ियां भी उतारकर रख ली गईं।
पीड़िता का कहना है कि उसकी सास ने यहां तक कह दिया कि वह अपने बेटे की दूसरी शादी कराएगी। पीड़िता ने मायके आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं के तहत चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।