सीएम के कार्यक्रम के लिए तैयार मंच।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को श्योपुर जिले के बड़ौदा तहसील मुख्यालय पर पहुंचेंगे। वे पुलिस थाने के समीप स्थित ग्राउंड में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में श्योपुर सहित छह जिलों के किसानों को फसल क्षति मुआवजा राशि वितरित करेंगे।
.
मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से 3 लाख 5 हजार 410 किसानों के बैंक खातों में कुल 238 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि हस्तांतरित करेंगे। यह मुआवजा अतिवृष्टि, बाढ़ और पीला मौजेक कीट व्याधि से प्रभावित किसानों को दिया जा रहा है।
इस मुआवजे में श्योपुर जिले के 1 लाख 3 हजार 78 धान प्रभावित किसानों को 100 करोड़ 83 लाख रुपए मिलेंगे। हरदा जिले के 95 हजार 989 किसानों को सोयाबीन फसल नुकसान के लिए 71 करोड़ 52 लाख रुपए दिए जाएंगे।
विदिशा जिले के 51 हजार 830 किसानों को सोयाबीन और उड़द फसल क्षति के लिए 29 करोड़ 15 लाख रुपए और नर्मदापुरम जिले के 22 हजार 779 किसानों को सोयाबीन फसल नुकसान के लिए 19 करोड़ 84 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।
धार जिले के 19 हजार 173 किसानों को सोयाबीन और मक्का फसल क्षति पर 10 करोड़ 31 लाख रुपए, जबकि खंडवा जिले के 12 हजार 961 किसानों को पीला मौजेक कीट व्याधि से प्रभावित सोयाबीन फसल के लिए 7 करोड़ 13 लाख रुपए का मुआवजा अंतरित किया जाएगा। मुआवजा वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
इनका भी करेंगे लोकार्पण
2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से सेसईपुरा में निर्मित आदिवासी बालक आश्रम का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त, 14 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नर्सिंग कॉलेज भवन, 14 करोड़ 95 लाख रुपए लागत के 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय और 96 लाख रुपए लागत के बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा।
ग्राम लहरौनी (2.61 करोड़), बलावनी (2.53 करोड़) और डाबीपुरा (2.49 करोड़) में नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी। कार्यक्रम में कई योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किया जाएगा।