Last Updated:
Why Gujarat vs Baroda Match Venue Changed: हार्दिक पांड्या की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और फैंस की उमड़ती भारी भीड़ के चलते सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गुजरात और बड़ौदा के बीच होने वाले मुकाबला का वेन्यू बदलना पड़ा. मुकाबला हैदराबाद में हुआ, जहां बड़ौदा ने 8 विकेट से जीत दर्ज की.
नई दिल्ली. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में गुजरात और बड़ौदा के बीच होने वाले मुकाबले के वेन्यू को शिफ्ट कर दिया गया. इस फैसले की वजह भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या हैं. अब आप ये कहेंगे कि भला हार्दिक पंड्या के चलते ऐसा क्यों हुआ. चलिए बताते हैं. दरअसल, बड़ौदा और गुजरात का मुकाबला भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की बढ़ती जरूरत के चलते राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में हुआ. यह फैसला हार्दिक पांड्या के प्रति उमड़ रही भारी भीड़ और असाधारण फैन-फॉलोइंग के चलते लिया गया था. हार्दिक की टीम बड़ौदा ने इस मुकाबले में गुजरात को 8 विकेट से शिकस्त दी.
अधिकारियों के अनुसार, टीम होटल, अभ्यास स्थल और टिकट काउंटरों के बाहर असामान्य रूप से बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ देखी गई, जो सामान्य घरेलू मैचों की तुलना में कई गुना अधिक थी. आयोजकों का मानना है कि यह भीड़ पूरी तरह हार्दिक पंड्या को देखने की दीवानगी के कारण उमड़ी. एक वरिष्ठ आयोजक ने बताया, टहार्दिक पंड्या के प्रति उत्साह अविश्वसनीय है. फैन टर्नआउट, पूछताछ और भीड़ का दबाव हमारी अपेक्षाओं से कहीं ज्यादा था. सुरक्षित और सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के लिए मैच को राजीव गांधी स्टेडियम में शिफ्ट करना आवश्यक हो गया.’
हार्दिक पंड्या के साथ सेल्फी लेता फैन.
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, जो इंटरनेशनल मैचों और IPL मुकाबलों की मेजबानी के लिए जाना जाता है, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और उच्च क्षमता के कारण इस अप्रत्याशित भीड़ को संभालने के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प माना गया. हैदराबाद में पिछले दो दिनों में IPL जैसी हलचल देखी गई, प्रशंसक अभ्यास सत्रों के बाहर इकट्ठा हो रहे हैं, पोस्टर-बैनर लेकर घूम रहे हैं, टिकट के लिए लाइनें लगा रहे हैं और सोशल मीडिया पर जबरदस्त उत्साह जता रहे हैं. यह सब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हार्दिक पांड्या की मौजूदगी को लेकर है.
8 विकेट से बड़ौदा की जीत
बड़ौदा ने इस मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम सिर्फ 73 रन पर ही ढेर हो गई. राज लिंबानी गुजरात के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. उन्होंने सिर्फ 5 रन देकर तीन विकेट चटकाए. गुजरात के ओपनर आर्या देसाई 22 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर बने. जवाब में दो विकेट खोकर बड़ौदा ने 6.4 ओवर में 74 रन बनाकर बड़ी जीत दर्ज कर ली. शाश्वत रावत ने नाबाद 30 रन बनाए. विष्णु सोलंकी 27 रन बनाकर आउट हुए. हार्दिक पंड्या ने 10 रन बनाए.