विदिशा में विद्युत तार चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार: भोपाल से आकर देते थे वारदात को अंजाम, 5 आरोपी दबोचे गए – Vidisha News

विदिशा में विद्युत तार चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार:  भोपाल से आकर देते थे वारदात को अंजाम, 5 आरोपी दबोचे गए – Vidisha News



विदिशा पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले चार महीनों से हो रही विद्युत तार चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया है। इस मामले में गुरुवार देर शाम भोपाल के पांच चोरों को गिरफ्तार किया गया है। इन चोरियों के कारण गांवों में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहती

.

विद्युत वितरण कंपनी ने सिविल लाइन थाने में अप्रैल और अक्टूबर में दो बार विद्युत लाइन चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इन वारदातों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित केशवानी ने चोरों को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि ये चोर भोपाल निवासी जावेद, शरीफ, साजिद, सद्दाम और सारिक हैं। पुलिस ने इन पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सारिक कबाड़ का काम करता है, और सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं।

भोपाल से कार से विदिशा आता था गिरोह यह गिरोह भोपाल से कार में विदिशा आता था। वे सुनसान ग्रामीण इलाकों की रैकी करते थे, फिर बिजली आपूर्ति बंद कर खंभों पर चढ़कर तार काट लेते थे। चोरी किए गए तारों को मोड़कर कार में रखकर भोपाल ले जाया जाता था।

आरोपियों ने अब तक भोपाल, सुखी सेवनिया, गुलाबगंज, करारिया और विदिशा सहित कई अन्य इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 3 लाख 10 हजार रुपए मूल्य का चोरी किया हुआ तार बरामद किया। सभी आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है।

पुलिस के अनुसार, विद्युत तार चोरी के कारण ग्रामीण इलाकों में बार-बार बिजली गुल होती थी, जिससे किसानों और आम लोगों को काफी परेशानी होती थी। इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि अब ऐसी वारदातों पर अंकुश लगेगा।



Source link