Last Updated:
Brendon McCullum Statement: एशेज 2025-26 में इंग्लैंड को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम 5 मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गई है. ब्रिस्बेन में दूसरे टेस्ट में मिली हार के बाद इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा कि उनकी टीम ने मैच से पहले बहुत ज्यादा ट्रेनिंग की.
नई दिल्ली. इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने ब्रिस्बेन में दूसरे एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से मिली भारी हार के बाद कहा कि उनकी टीम ने मैच से पहले बहुत ज्यादा ट्रेनिंग की. गाबा में खेले गए पिंक बॉल डे-नाइट टेस्ट मैच में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से धूल चटाई और सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली. ऐसे में अब मेहमान तीन इंग्लैंड पर सीरीज गंवाने का खतरा मंडराने लगा है. तीसरा मुकाबला 17 दिसंबर को एडिलेड के ओवल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा.
सीरीज के लिए इंग्लैंड की तैयारी पर पहले ही सवाल उठ रहे थे, खासकर उनके लिलेक हिल में अभ्यास मैच खेलने के फैसले पर, जहां की पिच पर्थ स्टेडियम की परिस्थितियों से मेल नहीं खाती. पहला टेस्ट दो दिन में खत्म होने के बाद इंग्लैंड ने किसी भी खिलाड़ी को कैनबरा में होने वाले पिंक बॉल के प्रधानमंत्री एकादश मैच में नहीं भेजा. इंग्लैंड ने 2023 की शुरुआत के बाद से कोई भी डे-नाइट टेस्ट नहीं खेला था और मौजूदा प्लेइंग इलेवन के तीन खिलाड़ियों ने पहले कभी डे-नाइट टेस्ट नहीं खेला था. इनमें विकेटकीपर जेमी स्मिथ भी शामिल थे, जिन्होंने एक अहम कैच छोड़ दिया था. इसके बजाय, इंग्लैंड ब्रिस्बेन गया और वहां पांच दिनों तक ट्रेनिंग की, जिसमें दो अतिरिक्त अभ्यास सत्र भी शामिल थे.
पिंक बॉल टेस्ट हारने के बाद क्या बोले इंग्लैंड के हेड कोच मैकुलम.
कोच मैकुलम का बयान
मैकुलम ने 7cricket और BBC को दिए दो अलग-अलग इंटरव्यू में कहा, ‘अगर कुछ हुआ, तो वह यह कि हमने बहुत ज्यादा ट्रेनिंग की.’ उन्होंने आगे कहा, ‘इस मैच से पहले हमने पांच से दस ट्रेनिंग सेशन किए.’ उन्होंने BBC से कहा, ‘एक कोच के तौर पर आपको इस बात का ध्यान रखना होता है. कभी-कभी चीजों की भरपाई के लिए जरूरत से ज्यादा करने की प्रवृत्ति होती है.’
मैकुलम ने यह भी कहा, ‘हम सभी को यह सुनिश्चित करने का रास्ता खोजना होगा कि हम शारीरिक, तकनीकी रूप से तैयार महसूस करें और लड़ाई के लिए तैयार हों, लेकिन यह भी ध्यान रखना होगा कि हम तरोताजा रहें और मैच के दौरान तुरंत फैसले ले सकें.’ मैकुलम ने 7Cricket को बताया, ‘आज रात हम बीयर पिएंगे. मुझे लगता है कि ईमानदारी से कहूं तो इस टेस्ट मैच से पहले हमने जरूरत से ज्यादा तैयारी कर ली.’
एडिलेड में मैच को लेकर क्या कहा?
मैकुलम ने माना कि डे-नाइट टेस्ट की दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया द्वारा 241 रनों पर आउट किए जाने के बाद इंग्लैंड को परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में संघर्ष करना पड़ा. मैकुलम ने कहा, ‘हमें कुछ काम करना है. हमारे पास समय है. हम पहले भी इस स्थिति में रहे हैं और खुद पर अफसोस करने का कोई मतलब नहीं है. आप उठते हैं और फिर से कोशिश करते हैं.’ उन्होंने अपनी बात को यह कहते हुए खत्म किया, ‘हम अपने सर्वश्रेष्ठ पर नहीं थे. ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराने के लिए, आपको तीनों विभागों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा और हमने नहीं किया. यह एक कड़वा सच है और हम इसे स्वीकार करेंगे. हमारे दृष्टिकोण से, हम जानते हैं कि हमें बेहतर होना है. हमें एडिलेड में परिस्थितियों के अनुकूल होने में बहुत तेजी लानी होगी. मुझे लगा कि हम यहां की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में थोड़े धीमे थे.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें