क्षत्रिय करणी सेना ने गौहरगंज में हुई शर्मनाक घटना के मुख्य फरार आरोपी को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाने वाले तीन नागरिकों को सोमवार को 11 हजार रुपए का नकद इनाम और सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
.
मध्य प्रदेश करणी सेना के कार्यवाहक अध्यक्ष आशु सिंह ने भोपाल स्थित अपने कार्यालय में गांधीनगर निवासी रिजवान भाई, आसिफ और अख्तर को यह इनाम सौंपा। ये तीनों वे शख्स हैं जिन्होंने आरोपी को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। इनाम वितरण कार्यक्रम में मौजूद करणी सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा के निर्देश पर घटना के तुरंत बाद संगठन ने घोषणा की थी कि “जो भी आरोपी को पकड़वाने या उसकी सूचना देने में मदद करेगा, उसे 11 हजार रुपए नकद और सम्मान दिया जाएगा।” आज संगठन ने अपना वादा निभाते हुए तीनों सूचनादाताओं को सम्मानित किया।
गांधीनगर निवासी रिजवान भाई, आसिफ और अख्तर को सम्मानित किया गया।
कार्यवाहक अध्यक्ष आशु सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, करणी सेना सिर्फ बातें नहीं करती, काम करती है। हमने जो कहा, वो कर दिखाया। जल्द ही हम पीड़ित बच्ची और उसके परिवार से मिलेंगे और उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान करेंगे। समाज में जो गलत हो रहा है, उसके खिलाफ करणी सेना हर कदम पर खड़ी है। गौरतलब है कि गौहरगंज थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक नाबालिग क्षत्रिय समाज की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।