इंदौर में भाजयुमो के नगर अध्यक्ष की बारात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बारात के दौरान उनके समर्थकों द्वारा हवाई फायर किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि इस वीडियो को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी न होने की बात कही है।
.
सुदामा नगर में रहने वाले युवा मोर्चा अध्यक्ष की यह बारात तेजाजी नगर इलाके में निकली थी, जिसमें कई वरिष्ठ बीजेपी नेता और अधिकारी भी शामिल हुए थे।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 5 नवंबर की रात तेजाजी नगर क्षेत्र का है। उस रात भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा की बारात निकली थी, जो गोल्डन ब्लॉसम रिसॉर्ट तक गई। बारात में शराब माफिया, महू के एक गैंगस्टर के बेटे सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे।
बारात के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। इतना ही नहीं, कथित तौर पर एक शराब माफिया और बीजेपी से जुड़े एक नेता ने बंदूक और पिस्तौल से हवाई फायर भी किए। इस बारात में इंदौर युवा मोर्चा की पूरी टीम भी शामिल थी।
बारात में हुआ हर्ष फायर।
मेयर भी हुए शामिल
बारात में मेयर पुष्यमित्र भार्गव, स्थानीय पार्षद और अन्य कई लोग भी पहुंचे। मेयर का नाचते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। राऊ विधानसभा के विधायक के प्रतिनिधि भी बारात में उपस्थित रहे।

तेजाजी नगर इलाके में निकल रही थी बारात।
मामले की जांच जारी
इस मामले में क्राइम ब्रांच के अफसर, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
कुछ दिन पहले खजराना क्षेत्र में भी एक बीजेपी नेता द्वारा पारिवारिक बारात में हवाई फायर करने का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद टीआई मनोज सेंधव ने आरोपी नेता की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया और कार्रवाई की थी। इससे पहले भी खुलेआम हथियारों से फायरिंग और प्रदर्शन करने पर पुलिस कार्रवाई करती रही है।