भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 8 दिसंबर 2011 का दिन बेहद खास रहा है. 14 साल पहले आज ही के दिन भारत के महान ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक ठोका था. वीरेंद्र सहवाग ने यह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास का दूसरा दोहरा शतक ठोका था. वीरेंद्र सहवाग ने उस दौरान सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ा था. इससे पहले 24 फरवरी 2010 को सचिन तेंदुलकर ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला दोहरा शतक जड़ा था. सचिन तेंदुलकर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI में नाबाद 200 रनों की पारी खेली थी.
सहवाग ने ODI में ठोका था दोहरा शतक
वीरेंद्र सहवाग ने 8 दिसंबर 2011 को वनडे क्रिकेट में 219 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया था. वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस वनडे मैच में 149 गेंदों पर 25 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 219 रन ठोके थे. भारत के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था.
भारत ने 418 रन का स्कोर खड़ा कर दिया
टीम इंडिया ने वीरेंद्र सहवाग की 219 रनों की कप्तानी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 ओवर में 5 विकेट पर 418 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर ढेर हो गई और भारत ने यह मैच 153 रन से जीत लिया. वीरेंद्र सहवाग को इस मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. वीरेंद्र सहवाग की ये पारी एक कप्तान के तौर पर वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में खेली गई अब तक की सबसे बड़ी पारी है.
रोहित शर्मा लिस्ट में दूसरे नंबर पर
वीरेंद्र सहवाग के बाद रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड है. बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी. रोहित शर्मा के नाम वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है. रोहित शर्मा के बाद तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान सनथ जयसूर्या का नाम दर्ज है, उन्होंने अपने करियर में बतौर कप्तान वनडे में 189 रनों की पारी खेली थी.
अवैध एक्शन के साथ की बॉलिंग, इस क्रिकेटर ने कबूल किया अपना गुनाह, वर्ल्ड क्रिकेट में मचा हड़कंप
सहवाग के रिकॉर्ड्स
वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए 251 वनडे मैचों में 8273 रन बनाए हैं, जिसमें 15 शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं. इस फॉर्मेट में वीरू का बेस्ट स्कोर 219 है. वीरेंद्र सहवाग ने 104 टेस्ट मैचों में 49.34 की औसत से 8586 रन बनाए जिसमें 23 शतक और 32 अर्धशतक शामिल रहे. उनका बेस्ट स्कोर 319 रहा है. वीरेंद्र सहवाग ने इसके अलावा 19 टी20 मैचों में 394 रन बनाए हैं, जिसमें 68 रन उनका सर्वाधिक स्कोर रहा.