हरदा जिले के रहटगांव में बुधवार दोपहर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना ग्राम नजरपुरा में हुई, जहां 11 केवी का बिजली का तार टूटकर गिरने से 30 वर्षीय दीपक राठौर उसकी चपेट में आ गया।
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक राठौर (30) निवासी नजरपुरा उस समय गाड़ी धोने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर उस पर गिर गया। ग्रामीणों ने बताया कि तार अचानक टूटा और युवक को संभलने का मौका नहीं मिला।
दीपक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के जेई तरुण वर्मा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अचानक फाल्ट आने से यह हादसा हुआ है और इसकी जांच कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।