इंदौर में जिलाध्यक्ष समेत कांग्रेस नेताओं पर FIR: बैरिकेड्स पर चढ़कर कलेक्ट्रेट में घुसने के आरोप, बिना मंजूरी डीजे बजाया – Indore News

इंदौर में जिलाध्यक्ष समेत कांग्रेस नेताओं पर FIR:  बैरिकेड्स पर चढ़कर कलेक्ट्रेट में घुसने के आरोप, बिना मंजूरी डीजे बजाया – Indore News



इंदौर युवक कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्टोरेट पर प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन शहर में बढ़ते ड्रग्स कारोबार, खराब ट्रैफिक व्यवस्था की खामियों को लेकर हुआ था। इसके खिलाफ पंढरीनाथ थाने में FIR दर्ज हुई है।

.

FIR में लिखा है कि 8 दिसंबर को युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में इंदौर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान अमन पटवारी, विपिन वानखेडे, निखिल वर्मा, दानिश खान एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

इन लोगों के बैरिकेड के ऊपर चढ़कर कलेक्टर कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास किया गया। आम मार्ग पर बाधा पैदा कर आमजन का रास्ता रोका।

नेताओं पर दर्ज केस में लिखा है कि बिना मंजूरी के वाहन MP04GA4853 और MP09KA5390 पर तेज आवाज में DJ बजाया गया। यह पुलिस कमिशनर के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन है। इन आरोपियों के विरुद्ध धारा 126(2), 223 बीएनएस 2023 का केस किया जाता है।

बता दें कि युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ था। इसमें शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े व अन्य नेता शामिल हुए। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगा रखे थे। इस पर चढ़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान पहले हल्का लाठीचार्ज हुआ और जब नहीं हटे तो वाटर कैनन का उपयोग किया गया था।

इसलिए हुआ था आंदोलन युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शहर में अपराध, नशे का कारोबार और भ्रष्टाचार बेकाबू हो चुके हैं। इसके बाद भी इंदौर पुलिस और प्रशासन सुस्त है। कार्यकर्ता हाथों में इंदौर में बढ़ते अपराध पर बढ़ती बेचैनी… अब जवाब चाहिए! तख्तियां लेकर पहुंचे थे। युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल ने कहा कि इंदौर में चोरी-लूट, महिलाओं की सुरक्षा, नशा माफिया और युवाओं की बढ़ती लत पर प्रशासन असफल है। उन्होंने नशा मुक्त इंदौर अभियान चलाने और नशा माफिया पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।



Source link