छात्राओं ने शिक्षक पर लगाए ‘बैड टच’ के आरोप: पन्ना में डेढ़ महीने से गायब टीचर, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन – Panna News

छात्राओं ने शिक्षक पर लगाए ‘बैड टच’ के आरोप:  पन्ना में डेढ़ महीने से गायब टीचर, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन – Panna News



छात्राओं ने टीचर पर बैड टच का आरोप लगाया है।

पन्ना के जिगदहा माध्यमिक शासकीय स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्राओं और उनके अभिभावकों ने एक शिक्षक पर गलत आचरण के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

.

टीचर पर बैड टच का आरोप

अभिभावकों ने पेरेंट्स मीटिंग के दौरान बताया कि छात्राएं घर लौटकर शिकायत कर रही थीं कि शिक्षक पढ़ाई के दौरान उनके शरीर को गलत तरीके से छूने की कोशिश करते हैं। छात्राओं के विरोध करने पर उन्हें धमकाया भी जाता था।

दरअसल, मामला पहली बार 21 अक्टूबर को सामने आया था। अभिभावकों ने स्कूल जाकर आपत्ति दर्ज कराई थी। हालांकि, तब स्थिति को शांत कर दिया गया था। 31 अक्टूबर को हुई बैठक में यह मुद्दा दोबारा उठा और अभिभावकों ने शिक्षक संतोष वर्मा के खिलाफ स्कूल के रजिस्टर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

डेढ़ महीने से स्कूल नहीं आ रहा टीचर

शिकायत दर्ज होने के बाद से शिक्षक बिना सूचना के स्कूल नहीं पहुंचे और लगभग डेढ़ माह से गैरमौजूद हैं। बताया गया कि उन्होंने देवेंद्रनगर के एक निजी डॉक्टर से मेडिकल प्रमाण पत्र भेज दिया है, जबकि शासकीय सेवा में निजी डॉक्टर के मेडिकल की मान्यता नहीं होती।

मामले की बीईओ कर रहे हैं जांच

स्कूल प्राचार्य आर.बी. मांझी ने इस मामले पर बताया कि शिकायत बैठक के रजिस्टर में दर्ज की गई थी और इस पर बीईओ की ओर से जांच की जा रही है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि तात्कालिक रूप से शिक्षक को समझाइश भी दी गई थी।

जिला शिक्षा अधिकारी रवि खरे ने कहा कि मामला संवेदनशील है। इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



Source link