हरदा में चार अवैध क्लिनिक सील: स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीयन वाले डॉक्टरों पर की कार्रवाई – Harda News

हरदा में चार अवैध क्लिनिक सील:  स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीयन वाले डॉक्टरों पर की कार्रवाई – Harda News



हरदा में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को चार गैर-मान्यता प्राप्त क्लिनिक को सील कर दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एच.पी. सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, ये क्लिनिक बिना वैध पंजीकरण के एलोपैथी और अन्य चिकित्सा पद्धतियों का उपयोग

.

विभाग की टीम ने पाया कि इन क्लीनिकों में अपात्र व्यक्ति मरीजों का इलाज कर रहे थे और एलोपैथिक दवाइयों का अवैध रूप से इस्तेमाल कर रहे थे। यह कार्रवाई जिले में बिना पंजीकरण के चिकित्सा व्यवसाय करने वालों के खिलाफ की जा रही है।

खेड़ीपुरा स्थित जहान मेडिकोज में जानिब खान मरीजों को इंजेक्शन और बॉटल लगा रहे थे। निरीक्षण के दौरान टीम को खाली रैपर मिले। जानिब खान वैध पंजीकरण दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए, जिसके बाद उनकी क्लिनिक को सील कर दिया गया।

दस्तावेज मांगे, तो क्लिनिक छोड़कर भागा

ग्राम छिदगांव मेल में टी.के. विश्वास के क्लिनिक का निरीक्षण किया गया। वहां छगनलाल नामक मरीज को सीने में दर्द की शिकायत पर बॉटल चढ़ाई जा रही थी। जब टीम ने पंजीकरण दस्तावेज मांगे, तो टी.के. विश्वास क्लिनिक छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों की उपस्थिति में उनकी क्लिनिक भी सील कर दी गई।

इसी क्रम में छिदगांव मेल स्थित एन.सी. मंडल दवाखाना का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित व्यक्ति वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद एन.सी. मंडल के क्लिनिक को भी सील कर दिया गया।

छिदगांव मेल के दिव्यांश मेडिकल स्टोर के पीछे मरीजों को बॉटल और इंजेक्शन लगाए जाने की पुष्टि हुई। मेडिकल स्टोर संचालक भी वैध पंजीकरण दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद दिव्यांश मेडिकल स्टोर को भी सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधितों को वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि जिले में इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पहले ही गैर-मान्यता प्राप्त और बिना पंजीकरण के चिकित्सा व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई के लिए एक टीम गठित करने के निर्देश दिए थे।



Source link