सरकार के दो वर्ष की उपलब्धियां बताते हुए डिप्टी सीएम शुक्ल।
मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को सागर पहुंचे। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उन्होंने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। जिसके बाद सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर मध्यप्रदेश की उपलब्धियों की जानकारी दी।
.
मीडिया के सामने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए डिप्टी सीएम शुक्ल ने कहा कि कृषि, उद्योग, व्यापार, वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है।
पिछले दिनों खजुराहो में आयोजित कैबिनेट बैठक में अनेक हितकारी निर्णय लिए गए। सागर के मसवासी ग्रांट क्षेत्र में 1500 एकड़ क्षेत्र में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण, सागर को विकास की दिशा में आगे ले जाएगा।
इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए करीब 25000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र के लिए करीब 540 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके पूर्ण हो जाने से क्षेत्र के करीब 29000 लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
बायपास रोड निर्माण के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू प्रभारी मंत्री शुक्ल ने कहा कि सागर के आसपास 20 किलोमीटर क्षेत्र में बायपास रोड बनाने के लिए भू-अर्जन समेत अन्य प्रक्रियाएं शुरू हो चुकी हैं। 2026 तक भोपाल-सागर फोरलाइन सड़क मार्ग का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो जाएगा।
साल 2027 तक कार्य पूरा होकर सागर-भोपाल के बीच फोरलाइन सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार सागर-दमोह के बीच भी सीधी कनेक्टिविटी के लिए फोरलाइन सड़क के लिए करीब 2069 करोड़ रुपए राशि की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में न्यूरोसर्जरी विभाग को मंजूरी से बीएमसी में सुपर स्पेशियलिटी फैकल्टी की उपलब्धता होगी। जिससे सागर को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। बीएमसी में कैंसर अस्पताल के लिए 70 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही कैंसर उपचार के लिए 50 करोड़ रुपए की मशीन भी लाई जा रही हैं।
बैठक में शामिल रहे विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि व अफसर।
अवैध शराब और नशीली वस्तुओं पर कार्रवाई के निर्देश आगे उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए संवेदनशील है। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में सरकार द्वारा पदस्थापना और उचित सहायता राशि देकर प्रकरणों का निराकरण करते हुए इस दिशा में कार्य कर रही है।
इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब और नशा पर सख्त कार्रवाई करें। इस दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी समेत अन्य मौजूद थे।