WWE के सुपरस्टार जॉन सीना के सुनहरे करियर का अंत हार के साथ हुआ है. जॉन सीना को अपने करियर की आखिरी फाइट में गुंथर के खिलाफ रविवार को हार का सामना करना पड़ा है. 17 बार के WWE चैंपियन रहे जॉन सीना ने अपने लगभग 23 साल लंबे करियर को अब विराम दे दिया है. जॉन सीना ने साल 2002 में WWE में डेब्यू किया था और उन्होंने लगभग 23 साल तक अपनी रोमांचक फाइट से फैंस का खूब मनोरंजन किया है.
हार के साथ जॉन सीना के करियर का हुआ अंत
जॉन सीना का शानदार WWE करियर मेन इवेंट में गुंथर से हार के साथ खत्म हो गया. इस कड़े मुकाबले में रिंग जनरल ने जॉन सीना को टैप आउट करने पर मजबूर कर दिया, जिससे फैंस बेचैन हो गए थे. लगभग 20 सालों में यह पहली बार था, जब सीना ने किसी मुकाबले में टैप आउट किया, जिससे एरीना में मौजूद फैंस में गुस्सा फैल गया.
मायूस हो गए फैंस
गुंथर सबसे पहले रिंग में आए और उन्हें हूटिंग का सामना करना पड़ा. जब जॉन सीना अपने आइकॉनिक थीम सॉन्ग के साथ आए, तो पूरा एरीना जोश से भर गया, क्योंकि 17 बार के वर्ल्ड चैंपियन ने रिंग की तरफ अपनी आखिरी फाइट के लिए कदम बढ़ाए थे. रिंग में जॉन सीना पर गुंथर का पलड़ा भारी नजर आया. अंत तक चली इस फाइट में जॉन सीना को टैप आउट करना पड़ा. जॉन सीना के करियर का हार के साथ अंत हुआ.
जॉन सीना 17 बार के WWE चैंपियन
WWE की रिंग में जॉन सीना के साथ द रॉक, ट्रिपल एच और रैंडी ऑर्टन जैसे रेसलिंग के दिग्गजों के साथ जबरदस्त फाइट देखने को मिली है. जॉन सीना ने 14 बार WWE चैंपियनशिप और 3 अलग-अलग मौकों पर वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप का खिताब जीता. WWE से संन्यास के बाद जॉन सीना अपने हॉलीवुड करियर पर फोकस कर पाएंगे. जॉन सीना का WWE में शानदार करियर रहा है. जॉन सीना अपने करियर में 17 बार के वर्ल्ड चैंपियन रहने के अलावा Money in the Bank और Royal Rumble विजेता भी रह चुके हैं.