कमिश्नर बोले-छूटे हर मतदाता का हो शत-प्रतिशत वेरिफिकेशन: मऊगंज में की बैठक, कहा-लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही वोटर लिस्ट सबसे अहम – Mauganj News

कमिश्नर बोले-छूटे हर मतदाता का हो शत-प्रतिशत वेरिफिकेशन:  मऊगंज में की बैठक, कहा-लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही वोटर लिस्ट सबसे अहम – Mauganj News


रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने एसआईआर की समीक्षा की।

मऊगंज में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए।

.

कमिश्नर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही वोटर लिस्ट सबसे अहम है, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करे।

छूटे हुए मतदाताओं के लिए लगेंगे शिविर

कमिश्नर बीएस जामोद ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में हुई बैठक में जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि छूटे हुए मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची तैयार कर ली गई है।

इनके वेरिफिकेशन के लिए 15 और 16 दिसंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे सूची का वाचन करें और अगर कोई मतदाता उपलब्ध होता है तो तत्काल उसका सत्यापन पूर्ण करें।

कमिश्नर बोले-तहसील कार्यालय में सुनवाई के माध्यम से वेरिफाई करें

कमिश्नर ने कहा कि अगर शिविर के बाद भी कोई मतदाता वेरिफिकेशन के लिए रह जाता है तो उसे नोटिस जारी कर तहसील कार्यालय में सुनवाई के माध्यम से वेरिफाई कराया जाए। मतदाता 13 प्रकार के मान्य दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना नाम सूची में दर्ज करा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रारूप 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि 22 जनवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इस अवधि में भी छूटे हुए मतदाता अपना सत्यापन करा सकेंगे।

15 और 16 दिसंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

विधायक बोले-जनप्रतिनिधि इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे

बैठक में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी तत्परता से पूरा किया है। उन्होंने प्रशासन को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार जैन ने बताया कि छूटे हुए मतदाताओं की संख्या बहुत कम है। एआरओ द्वारा नोटिस जारी कर उन्हें दस्तावेजों के साथ तहसील कार्यालय में बुलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम किसी कारणवश कट गया है, तो वह भी दावा-आपत्ति अवधि में आवेदन देकर नाम जुड़वा सकता है। छूटे मतदाताओं की सुनवाई 14 फरवरी तक कर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।



Source link