अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया जीत के रथ पर सवार नजर आ रही है. भारतीय टीम ने जीत के साथ शुरुआत की और अब जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार है. चारों तरफ एक ही नाम की गूंज है वो हैं वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने 171 रन की तूफानी पारी के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया. लेकिन मलेशिया को वैभव के विस्फोट का डर नहीं है. भारतीय टीम 16 दिसंबर को मलेशिया के खिलाफ अपना तीसरा मुकाबला खेलने उतरेगी. लेकिन इससे पहले मलेशिया के कप्तान ने वैभव को खुला चैलेंज दे दिया है.
पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप हुए थे वैभव
वैभव ने टूर्नामेंट के पहले मैच में अपना दम दिखाया और यूएई की टीम की धज्जियां उड़ा दी थीं. 14 छक्कों और 9 चौकों की बदौलत उन्होंने 95 गेंद में 171 रन की तूफानी पारी खेली थी. पाकिस्तान के खिलाफ उनकी ताबड़तोड़ बैटिंग देखने के लिए फैंस उत्साहित थे लेकिन इस मैच में बड़ी पारी नहीं आई. अब मलेशिया के कप्तान का कहना है कि उनके पास वैभव को फंसाने के लिए मास्टर प्लान है.
क्या बोले मलेशिया के कप्तान?
मलेशिया के कप्तान डियाज ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी एक उभरता हुआ सितारा है, लेकिन हमने अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का इस्तेमाल करके उसे फंसाने की रणनीति बनाई है. हम भारत के खिलाफ खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं, और हमारे गेंदबाजों को उसे रोकने के लिए फील्डिंग सेट करते समय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.’
ये भी पढे़ं.. 5 नहीं, 4 दिन का होगा टेस्ट क्रिकेट? दिग्गज ने खोल दिया बड़ा राज, कहा- ये बड़ा चैलेंज है…
हमारी तैयारी शानदार है- डियाज
उन्होंने आगे कहा, ‘हमने इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए बहुत ज्यादा इंटेंसिटी वाली ट्रेनिंग की है. यहां खेलना हमारे लिए बहुत मायने रखता है.’ वहीं, उनकी टीम के साथी आलिफ ने कहा, ‘मुझे लगता है कि कोचों के साथ हमारी तैयारी शानदार रही है. उन्होंने टूर्नामेंट के लिए हमारे स्किल्स और रणनीतियों को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया है. हालांकि हमारे पास समय कम था, फिर भी हम अच्छी तरह से तैयार हो गए. हम वैभव से मिलने का भी इंतजार कर रहे हैं और उनसे बातचीत करने के लिए उत्साहित हैं.’