दुबई: मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाड़ियों ने आईपीएल (IPL) में पांचवीं बार खिताब जीतने का श्रेय टीम प्रयास को दिया और कहा कि एक महीने पहले आकर यूएई की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने का भी टीम को फायदा मिला.
मुंबई ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराकर अपने खिताब का भी बचाव किया. वह आईपीएल की सबसे सफल टीम भी बन गयी है और इसलिए पोलार्ड ने इसे विश्व की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम बताया.
पोलार्ड (Kieron Pollard ) ने कहा, ‘यह बहुत अच्छा अहसास है कि मैं पिछले 11 वर्षों से इस टीम से जुड़ा हूं और यह पांचवीं ट्रॉफी है. मुंबई के पास जितनी ट्रॉफी हैं, जैसा कौशल है, आप यह कह सकते हो कि मुंबई सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम है’.
टीम के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) ने कहा, ’बहुत कुछ श्रेय हमारी तैयारियों को जाता है. हम एक महीने पहले यहां आ गये थे और हर कोई अपनी भूमिका जानता था. हर कोई खेलने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में था’.
हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पीठ दर्द के कारण इस सीजन में गेंदबाजी नहीं कर पाये लेकिन उन्होंने जो भूमिका निभाई, उससे वह खुश हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं इससे परेशान नहीं हूं. मैंने जो किया उसका लुत्फ उठाया. मेरे यह मौका मिलने से जुड़ा है. यह सब कुछ तैयारियों से जुड़ा है. हमने अच्छे प्रदर्शन करने और लगातार सुधार करने पर ध्यान दिया’.
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने कहा कि वह शुरू से ही लय में थे भले ही शुरुआती मैचों में उन्हें जूझना पड़ा था. उन्होंने कहा ‘पहले मैच से मुझे लग रहा था कि मेरी लय अच्छी रही. जब मैंने एबी डिविलियर्स और विराट कोहली के खिलाफ सुपर ओवर किया तो उसके बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ा. मैंने चीजों को सरल बनाये रखा और हर समय बेसिक्स पर ध्यान दिया’.
सूर्यकुमार यादव ( Suryakumar Yadav) ने कहा, ‘तैयारियां, प्रक्रिया और रूटीन महत्वपूर्ण होता है. आपको अपने कौशल का प्रदर्शन करना होता है. वह (रोहित के सामने अपना विकेट गंवाने के बारे में) तब अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था. वह पारी संवार रहा था इसलिए मुझे अपना विकेट गंवाने का दुख नहीं है’.
ईशान किशन ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूँ तो मैं इस सीजन से पहले बहुत अच्छी स्थिति में नहीं दिख रहा था. मैंने क्रुणाल और हार्दिक (पांड्या) से बात की तथा अपनी फिटनेस और ऑफ साइड के खेल पर काम किया’.
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन कूल्टर नाइल ने कहा कि पहली बार चैंपियन टीम का हिस्सा बनकर अच्छा महसूस हो रहा है. कूल्टर नाइल ने कहा, ‘पैटिनसन बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहा था इसलिए मैं अपने लिये मौके का इंतजार करके खुश था जो कि मुझे मिला. टूर्नामेंट के आखिर में अच्छा प्रदर्शन करना शानदार रहा’.
दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (Quinton de Kock) ने कहा कि कोविड-19 के समय में परिवार से दूर रहना मुश्किल था लेकिन विजयी टीम का हिस्सा बनकर अच्छा लग रहा है. डिकॉक ने कहा, ’परिवार से दूर रहना मुश्किल था लेकिन यह शानदार अहसास है. इसको लेकर सवाल उठाए जा रहे थे कि क्या मुंबई इंडियंस खिताब का बचाव कर सकता है. सहयोगी स्टाफ हर किसी ने अपनी अहम भूमिका निभाई. उनके सहयोग के बिना यह संभव नहीं था’.
टूर्नामेंट में फाइनल सहित केवल दो मैचों में खेलने वाले जयंत यादव (Jayant Yadav) ने कहा, ‘लगातार दो साल चैंपियन टीम का हिस्सा बना शानदार अहसास है. इससे हमारी टीम की मजबूती का पता चलता है। यह पूरे सत्र में किये गये प्रयासों का परिणाम है’.
फाइनल में अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाने वाले राहुल चाहर (Rahul Chahar) ने कहा, ‘मेरा नहीं खेलना महत्वपूर्ण नहीं है, खिताब जीतना महत्वपूर्ण है. मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि मैंने टीम को खिताब दिलाने में अपनी भूमिका निभाई’.
(इनपुट-भाषा)