सीधी जिले के नकटानाला क्षेत्र में निर्माणाधीन जमोड़ी थाने के सामने शुक्रवार शाम दो बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई।
.
मृतक की पहचान सेमरिया निवासी पिंटू रावत के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी रानी रावत ने रोते हुए बताया कि शुक्रवार शाम उनके मायके गोरियरा में जन्मदिन का एक कार्यक्रम था। पिंटू उसी खुशी के मौके में शामिल होने के लिए घर से बाइक पर सवार होकर निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद घायल हालत में ही भागा दूसरा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। भिड़ंत के बाद पिंटू और दूसरी बाइक का चालक दोनों ही सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हैरानी की बात यह रही कि दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी चोटें आई थीं, लेकिन वह मौका पाकर अपनी बाइक सहित वहां से फरार होने में कामयाब रहा।
घटना के बाद मृतक के परिजन शोक में हैं।
बाइक सवार मौके से भाग गया
जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार बाइक चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है ताकि हादसे की असल वजह सामने आ सके।
