RCB में आते ही वेंकटेश अय्यर का प्रमोशन, पाटीदर की जगह इस टीम के बने कप्तान

RCB में आते ही वेंकटेश अय्यर का प्रमोशन, पाटीदर की जगह इस टीम के बने कप्तान


नई दिल्ली: मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) ने विजय हजारे ट्रॉफी लीग चरण के लिए वेंकटेश अय्यर को अपनी पुरुष सीनियर टीम का कप्तान नियुक्त किया है. रजत पाटीदार का नाम स्क्वॉड से गायब होना समझ से परे है. यह लीग टूर्नामेंट 24 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक अहमदाबाद में खेला जाएगा. 30 साल के वेंकटेश अय्यर को हाल ही में हुए आईपीएल मिनी नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सात करोड़ रुपये में खरीदा था, इससे पहले 2021 से 2025 तक चार साल वह कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ रहे और टीम को 2024 का खिताब जिताया.

मध्यप्रदेश की टीम में यश दुबे और आईपीएल स्टार कुमार कार्तिकेय जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं, जो 2022 से 2024 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के बाद पिछले साल राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए थे. इसके अलावा शुभम शर्मा और हरप्रीत सिंह 16 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं, जबकि माधव तिवारी का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर है.

बीसीसीआई ने विजय हजारे ट्रॉफी सीरीज में हर उस खिलाड़ी का खेलना अनिवार्य कर दिया है, जो मेंस सीनियर टीम का हिस्सा है. 19 दिसंबर को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के आखिरी टी-20 मैच और 11 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के बीच तीन सप्ताह के अंतराल को देखते हुए बोर्ड चाहता है कि सीनियर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में खेले.

आगामी विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विराट कोहली, केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खेलने वाले हैं, जिसके चलते टूर्नामेंट खबरों में बना रहेगा. ये प्लेयर्स अपनी-अपनी राज्य की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे.

विराट कोहली ने दिल्ली के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है, जबकि रोहित शर्मा का मुंबई के स्क्वॉड में नाम न आना हैरान करता है. केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा को कर्नाटक की टीम में शामिल किया गया है, जो मौजूदा चैंपियन है.

विजय हजारे ट्रॉफी लीग राउंड के लिए मध्य प्रदेश की टीम: वेंकटेश अय्यर (कप्तान), हर्ष गवली, हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), यश दुबे, शुभम शर्मा, हरप्रीत सिंह, ऋषभ चौहान, रितिक टाडा, कुमार कार्तिकेय, सारांश जैन, शिवांग कुमार, आर्यन पांडे, राहुल बाथम, त्रिपुरेश सिंह, मंगेश यादव, माधव तिवारी (फिटनेस के आधार पर)



Source link