जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने सिंगरौली में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक और बाद में प्रेस वार्ता के दौरान रीवा में स्थापित सोलर प्लांट को परमाणु ऊर्जा संयंत्र बता दिया।
.
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि है कि मध्य प्रदेश में रीवा और मुरैना में परमाणु विद्युत गृह हैं, जहां से बिजली मिल रही है। हालांकि, रीवा में देश का प्रसिद्ध रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित है, न कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र।
इन मुद्दों पर की गई चर्चा
इस बयान के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें विजन 2047 के तहत जिले के विकास को लेकर चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने 250 से अधिक आबादी वाले गांवों में सड़क संपर्क, लघु और मध्यम सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार, दूरस्थ मझरों में विद्युतीकरण और सौर ऊर्जा के अधिक उपयोग पर जोर दिया।
उद्योग और रोजगार के संबंध में औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि आवंटन, देवसर और चितरंगी में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने, सहकारी समितियों के गठन और आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर बात हुई।
कौशल विकास के जरिए आईटीआई छात्रों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देने पर भी चर्चा की गई।
इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पर्यटन और निवेश से जुड़े कार्यों को गिनाया और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
इसमें पंचायत और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, महापौर रानी अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह, कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि व समिति सदस्य उपस्थित रहे।