Bihar Cricketer Sakibul Gani: 140 करोड़ की आबादी वाले देश में ना जाने कितने युवा टीम इंडिया की जर्सी पहनने का सपना देखते हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद हर किसी का ये सपना पूरा नहीं होता. भारतीय टीम में जगह बनाना तो दूर की बात है, आज की तारीख में अपने राज्य के लिए खेलना भी आसान नहीं है. बुधवार, 24 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार के लाल सकीबुल गनी ने वो कारनामा कर दिखाया, जो लिस्ट ए क्रिकेट में किसी भारतीय ने नहीं किया था. बिहार के कप्तान ने महज 32 गेंद पर शतक ठोककर इतिहास रच दिया.
26 साल के सकीबुल गनी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 40 गेंदों पर 128 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली. आज सोशल मीडिया पर हर कोई सकीबुल गनी की बात कर रहा है, लेकिन उन्हें यहां तक पहुंचाने में उनकी मां का सबसे बड़ा रोल है.
मां ने गहने गिरवी रखकर दिया बल्ला
बिहार के मोतिहारी में जन्में सकीबुल गनी का सफर आसान नहीं रहा है. उन्होंने कई मुश्किल परिस्थियों से गुजरते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे तेज शतक जड़ने की उपलब्धि हासिल की है. सफर मुश्किल था, लेकिन मां का भरोसा साथ होने से राहें आसान होती गई. एक समय ऐसा भी था जब उनके पास बल्ला खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे. परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. ऐसे में उनकी मां ने बड़ा त्याग किया. सकीबुल गनी का सपना पूरा करने के लिए उनकी मां ने अपने गहने गिरवी रखकर बेटे को बल्ला दिलाया.
सकीबुल गनी के बड़े भाई फैसल ने मीडिया से बातचीत के दौरान ये इमोशनल कहानी सुनाई. उन्होंने कहा कि जब सकीबुल रणजी खेलने जा रहे थे, तब मां ने उन्हें तीन बैट दिए थे और कहा, ”जाओ बेटे… तीन शतक लगाकर आना. आज सकीबुल की मां की आंखें खुशी से नम होगी, क्योंकि बेटे ने उनका सपना पूरा कर दिया है.
बिहार के मोतिहारी से आने वाले सकीबुल गनी ने अब तक 34 लिस्ट ए और 28 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं. लिस्ट ए में उन्होंने 995 रन और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2035 रन बनाए हैं. हैरानी कि बात ये है कि लिस्ट ए में सबसे तेज शतक जड़ने वाले सकीबुल गनी आईपीएल 2026 में नहीं दिखेंगे, क्योंकि उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा है.
लिस्ट ए में सबसे तेज शतक ठोकने वाले भारतीय
साकिबुल गनी- 32 गेंद, बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 24 दिसंबर 2025
ईशान किशन 33 गेंद, झारखंड बनाम कर्नाटक, 24 दिसंबर 2025
अनमोलप्रीत सिंह- 35 गेंद पंजाब बनाम अरुणाचल प्रदेश, 21 दिसंबर 2024
वैभव सूर्यवंशी- 36 गेंद बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश, 24 दिसंबर 2025
यूसुफ पठान- 40 गेंद, बड़ौदा बनाम महाराष्ट्र,16 फरवरी 2010
दिलचस्प बात ये है कि इस लिस्ट में तीन खिलाड़ियों की एंट्री आज यानी बुधवार, 24 दिसंबर को हुई है. पहले बिहार के ही 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद पर शतक ठोका. फिर उसी मुकाबले में उनके कप्तान साकिबुल गनी ने 32 गेंद पर ये कारनामा कर इतिहास रचा. कर्नाटक के खिलाफ मैच में ईशान किशन ने जलवा दिखाया और 33 गेंद पर सेंचुरी जड़ी.
ये भी पढ़ें: 825 रन, 106 चौके-छक्के… झारखंड-कर्नाटक मैच में रनों की सुनामी, ईशान किशन के शतक पर किसने फेरा पानी?