क्रिकेट इतिहास को पलटकर देखें तो कुछ बाप-बेटे की जोड़ियों के नाम देखने को मिलते हैं. लेकिन एक पिता-पुत्र की जोड़ी जो भारतीय क्रिकेट में आई, उनके नाम अनूठा रिकॉर्ड दर्ज है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ के बेटे सुरिंदर अमरनाथ उस परिवार से आते हैं, जिन्होंने भारत को कई दिग्गज खिलाड़ी दिए. लाला अमरनाथ भारत के दिग्गज खिलाड़ी में से एक रहे. इस पिता-पुत्र की जोड़ी ने वो कारनामा किया जो इतिहास में महज एक ही बार हुआ है.
1933 में पिता का डेब्यू
दिसंबर 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेले गए मुकाबले में लाला अमरनाथ ने टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने इस मुकाबले में धमाकेदार सेंचुरी ठोकी थी. पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए सुरिंदर अमरनाथ ने भी अपने डेब्यू मैच में शतक लगाया. जनवरी 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करते हुए सुरिंदर ने भारत की पहली ही पारी में 124 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 1 छक्का और 16 चौके लगाए.
सिर्फ एक बार हुआ ऐसा
लाला अमरनाथ और सुरिंदर अमरनाथ दुनिया में इकलौते बाप-बेटे की जोड़ी हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में शतक लगाया. 30 दिसंबर 1948 को कानपुर में जन्मे सुरिंदर अमरनाथ ने महज 15 साल की उम्र में रणजी डेब्यू किया. उन्होंने 1967 के इंग्लैंड दौरे पर भारतीय स्कूली टीम के साथ अपनी पहचान बनाई. 1975-76 में श्रीलंका के खिलाफ एक अनाधिकारिक टेस्ट में डेब्यू पर शतक लगाया. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करते हुए एक बार फिर शतकीय पारी खेली.
ये भी पढे़ं.. 2025 के 5 सुनहरे पल… टीम इंडिया ने बदला रिकॉर्डबुक, पूरी दुनिया में लहराया तिरंगा
सुरिंदर की गजब फॉर्म
जब सुरिंदर फॉर्म में होते, तो बेहतरीन से बेहतरीन गेंदबाज के आक्रमण को ध्वस्त करने की काबिलियत रखते. भारत ने 1976-77 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली, जिसमें दो मुकाबलों में वह औसत के मामले में शीर्ष पर रहे। इस सीरीज में उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए. सुरिंदर अमरनाथ ने साल 1976 में 5 टेस्ट खेले, जिसकी 9 पारियों में 24.77 की औसत के साथ 223 रन बनाए. अगले साल उन्हें सिर्फ 2 ही टेस्ट मुकाबलों में मौका दिया गया, जिसमें 45 की औसत के साथ 180 रन बनाए. वहीं, तीसरे साल उन्होंने 3 टेस्ट की 5 पारियों में 29.40 की औसत के साथ 147 रन बनाए. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर में 10 मैच खेले, जिसमें 30.55 की औसत के साथ 550 रन जुटाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले.