अनूपपुर जिले में कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जो 5 जनवरी 2026 से लागू हो गया है। यह फैसला बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लिया गया है।
.
जारी आदेश के मुताबिक, जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के समय में फेरबदल किया गया है। जो स्कूल दो पालियों में लगते हैं, उनमें पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी। वहीं, एक पाली में चलने वाले स्कूल अब सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगे।
कलेक्टर ने दी मंजूरी
बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिए गए इस फैसले को कलेक्टर ने भी मंजूरी दे दी है। जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो ने जिले के सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि इस नए समय का सख्ती से पालन किया जाए।