कोहरे के कारण बेतवा नदी पर बना पुल चरणतीर्थ घाट से नजर नहीं आ रहा।
विदिशा जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। पिछले दो दिनों से जिलेभर में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंड को देखते हुए कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों के
.
दो दिन से छा रहा घना कोहरा रविवार रात से ही कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई। सड़कों पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा हो गया, और कई वाहन चालकों को हेडलाइट जलाने के बावजूद रुकना पड़ा। कोहरे के साथ ओस गिरने से सड़कें गीली और फिसलन भरी रहीं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। दिन में शीतलहर चलने से ठंड का असर और बढ़ गया है।
लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, और रात में अलाव का सहारा लिया गया। ठंड से बचने के लिए लोग अपने स्तर पर दिन में भी अलाव जला रहे हैं। जिला प्रशासन ने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की है।
जिले में 5वीं तक स्कूलों में छुट्टी कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव के बावजूद, स्कूल जाने वाले बच्चे सुबह 8 बजे ठंड में ऑटो का इंतजार करते सड़कों पर दिखे। बच्चों ने बताया कि कड़ाके की ठंड में स्कूल जाना मजबूरी है और कक्षाओं में भी उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने छुट्टी की मांग की है, वहीं परिजनों ने कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी की मांग की है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए, नगर पालिका अधिकारी दुर्गेश सिंह ने लोगों को राहत देने के लिए दिन में भी प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं। पहले केवल रात के समय अलाव की व्यवस्था थी, लेकिन अब शीतलहर के चलते दिन में भी अलाव जलाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
देखें तस्वीरें

