आगर में ओवरहेड टैंक सफाई में निकला गंदा पानी: इंदौर की घटना के बाद 9 टैंकों की सफाई होगी; भोपाल से बुलाई विशेष टीम – Agar Malwa News

आगर में ओवरहेड टैंक सफाई में निकला गंदा पानी:  इंदौर की घटना के बाद 9 टैंकों की सफाई होगी; भोपाल से बुलाई विशेष टीम – Agar Malwa News


इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद पूरे प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी के तहत आगर कलेक्टर प्रीति यादव ने जिले में पानी की व्यवस्था सुधारने और जल स्रोतों की नियमित सफाई के निर्देश दिए थे।

.

इसके बाद आगर नगरपालिका ने शहर की पानी की पाइप लाइनों की मरम्मत के साथ-साथ ओवरहेड वाटर टैंकों की सफाई शुरू कर दी है। मंगलवार को पुराना अस्पताल चौराहा स्थित ओवरहेड वाटर टैंक की सफाई से इस अभियान की शुरुआत की गई।

सफाई में निकला बदबूदार पानी

सफाई के दौरान टंकी से काफी गंदा और बदबूदार पानी निकला। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। लोगाें ने बताया कि लंबे समय से टंकियों की नियमित सफाई नहीं हो पाई थी।

शहर में कुल 9 ओवरहेड वाटर टैंक

आगर शहर में कुल 9 ओवरहेड वाटर टैंक हैं, जिनसे पूरे शहर में पानी की सप्लाई होती है। इनमें ईदगाह, मास्टर कॉलोनी, कंपनी गार्डन, काशीबाई स्मारक और वाटर वर्क्स के सामने बने टैंक प्रमुख हैं। अब इन सभी टैंकों की एक-एक कर सफाई कराई जाएगी।

भोपाल से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

नगरपालिका के सीएमओ कुशल सिंह डोडवे ने बताया कि टैंकों की सफाई का काम मंगलवार से शुरू हो गया है। सबसे पहले अस्पताल चौराहा स्थित टंकी की सफाई की जा रही है, जिसकी सफाई करीब एक साल पहले हुई थी। उन्होंने बताया कि टंकी की सफाई के लिए भोपाल से एक विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है।

पानी को सुरक्षित बनाने की भी व्यवस्था

सीएमओ ने बताया कि सफाई के बाद टैंकों में ब्लीचिंग और क्लोरीन डाली जाएगी, ताकि पानी पूरी तरह सुरक्षित हो सके। यह व्यवस्था सिर्फ एक बार की नहीं होगी, बल्कि समय-समय पर विशेषज्ञ टीम बुलाकर टंकियों की नियमित सफाई कराई जाएगी।

सीएमओ बोले- लोगों को मिलेगा साफ और सुरक्षित पानी

सीएमओ ने बताया कि इस अभियान का मकसद शहर के लोगों को साफ, सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता का पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि भविष्य में पानी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।



Source link