Jabalpur Weather Today: जबलपुर में ठंड अब सिर्फ सर्दी नहीं रही, बल्कि गलन बनकर लोगों को परेशान कर रही है. दिन-रात कड़ाके की ठंड के बीच पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आ रहा है. हालात ऐसे हैं कि सुबह के वक्त शहर कुछ मीटर की दूरी पर भी साफ दिखाई नहीं देता. दोपहर में कभी धूप निकलती है तो कभी बादलों और कोहरे के बीच छुप जाती है. बीते दिन तो पूरे 24 घंटे बाद सूर्य देव के दर्शन हुए.
कोहरे और सर्द हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
सुबह सहराती ठंडी हवाएं और रात में कंपकंपी छुड़ाने वाली सर्दी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. गलन वाली ठंड के कारण लोग दिन में भी अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं. मौसम का यह बदला मिजाज लगातार लोगों की दिनचर्या पर असर डाल रहा है.
ठंड के चलते स्कूलों में दो दिन की छुट्टी
बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों को राहत दी है. जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए सोमवार और मंगलवार दो दिन का अवकाश घोषित किया है. यह आदेश जिले के सभी सरकारी, प्राइवेट, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा. ठंड से बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले असर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
आगे भी जारी रहेगा ठंड का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल उत्तर भारत के ऊपर ऊंचाई पर उपोष्ण पश्चिमी जेट प्रवाह लगातार सक्रिय है. इसी कारण वातावरण में ठंड का असर बना हुआ है. आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात का तापमान अगले चार दिनों तक 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने की संभावना है. सामान्य से कम तापमान का मतलब है कि ठंड अभी पूरी तरह जाने वाली नहीं है और दिन में भी ठंडक महसूस होती रहेगी.
जबलपुर का ताजा तापमान
रविवार को जबलपुर में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा. कोहरे और ठंड का असर हवाई यातायात पर भी दिखा. एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम होने की वजह से दो फ्लाइट्स करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं.
संक्रांति तक सताएगी सर्दी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रांति से पहले यानी अगले 8-10 दिनों तक बर्फीली ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है. कोहरा थोड़ा कम होते ही रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिन और ठंड के लिए तैयार रहना होगा.