सिवनी नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने रात के समय बस स्टैंड क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान अव्यवस्थित रूप से खड़े होकर सवारी भरने-उतारने वाले 15 ऑटो चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 7,500 रुपए का जुर्माना वस
.
यातायात पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ऑटो चालक नियमों की अनदेखी कर बस स्टैंड के प्रवेश और निकासी मार्गों पर ऑटो खड़े कर देते हैं। इससे बसों के आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती थी और यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती थी।
50 वाहन चालकों को समझाइश, 15 ऑटो पर कार्रवाई
इन शिकायतों के मद्देनजर, यातायात पुलिस ने रात्रि के समय पैदल भ्रमण कर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 50 से अधिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की समझाइश दी गई। बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्थित रूप से ऑटो खड़ा करने और निर्धारित स्थानों का पालन न करने वाले 15 ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

नियम उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
कार्रवाई के बाद, सभी ऑटो चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे वाहनों को सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़ा न करें और निर्धारित स्थानों पर ही सवारी चढ़ाएं-उतारें। अन्य वाहन चालकों को भी हेलमेट पहनने, कार चलाते समय सीटबेल्ट बांधने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
नागरिकों से नियम पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों को जागरूक करते हुए “यातायात नियमों की डोर, सुरक्षित जीवन की ओर” का स्लोगन दिया। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन कर ही नगर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।