4,4,6,6,6,6, सोफी डिवाइन ने एक ओवर में कूट दिए 32 रन, WPL में रच दिया इतिहास

4,4,6,6,6,6, सोफी डिवाइन ने एक ओवर में कूट दिए 32 रन, WPL में रच दिया इतिहास


Last Updated:

Sophie Devine smashed 32 runs in an over: गुजरात जायंट्स की सोफी डिवाइन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रच दिया. उन्होंने एक ओवर में चार छक्के और दो चौकों की मदद से 32 रन बटोरे. यह महिला प्रीमियर लीग इतिहास का सबसे महंगा ओवर रहा.

सोफी डिवाइन ने एक ओवर में कूटे 32 रन.

नई दिल्ली. गुजरात जायंट्स की सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन ने वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे मुकाबले में एक ओवर में 6 बाउंड्री लगाईं. डिवाइन ने यह कारनामा डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया. उन्होंने इस ओवर में कुल 32 रन बटोरे, जिससे यह इस लीग इतिहास का सबसे महंगा ओवर बन गया. दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गुजरात जायंट्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था. सलामी जोड़ी के रूप में बेथ मूनी और सोफी डिवाइन ने गुजरात को शानदार शुरुआत दिलाई.

एक ओवर में ठोक दिए 32 रन
गुजरात जायंट्स की टीम 5 ओवरों तक बगैर कोई विकेट गंवाए 48 रन बना लिए थे. पारी का छठा ओवर स्नेह राणा के हाथों में था. उनकी पहली गेंद पर सोफी डिवाइन ने डीप स्क्वायर लेग की दिशा में चौका लगाकर टीम के 50 रन पूरे किए. इसके बाद अगली गेंद पर डिवाइन ने चौका लगाया और फिर ओवर की तीसरी गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया. चौथी गेंद पर डिवाइन ने डीप मिड विकेट की दिशा में छक्का लगाकर महज 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. अगली दो गेंदों पर उन्होंने डीप मिड विकेट और डीप स्क्वायर लेग की दिशा में छक्के लगाए. स्नेह राणा के इस ओवर में गुजरात जायंट्स ने कुल 32 रन बनाकर स्कोर को 80 रन तक पहुंचा दिया.

सोफी डिवाइन ने एक ओवर में कूटे 32 रन.

लीग इतिहास का सबसे महंगा ओवर
यह वूमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे महंगा ओवर रहा. दीप्ति शर्मा ने साल 2025 में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ एक ही ओवर में 28 रन लुटाए थे. इस लिस्ट में तनुजा कंवर तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में गुजरात जायंट्स की ओर से खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ एक ही ओवर में 27 रन लुटाए थे.

शतक से चूकीं डिवाइन
यह डब्ल्यूपीएल इतिहास का दूसरा सबसे महंगा पावरप्ले था. साल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों में 87 रन बनाए थे. वहीं, आरसीबी साल 2023 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ पावरप्ले में 77 रन जुटा चुकी है. इस मुकाबले में सोफी डिवाइन शतक से चूक गईं. उन्होंने 42 गेंदों का सामना करते हुए 95 रन की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 8 छक्के और 7 चौके निकले.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें

homecricket

4,4,6,6,6,6, सोफी डिवाइन ने एक ओवर में कूट दिए 32 रन, WPL में रच दिया इतिहास



Source link