Last Updated:
Indore News: यहां प्रवेश के लिए आपका मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है. आपके पास जाति प्रमाण पत्र भी होना चाहिए. हर साल एग्जाम के विज्ञापन के बाद नया सेशन शुरू होता है. सीटों की संख्या सीमित होने के चलते प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें मेरिट पर छात्रों का चयन होता है.
इंदौर. मध्य प्रदेश का इंदौर केवल तकनीक और मेडिकल शिक्षा का ही शहर नहीं है बल्कि यहां हर साल लाखों छात्र प्रशासनिक परीक्षा की तैयारी के लिए भी आते हैं. इंदौर का भंवर कुआं क्षेत्र सरकारी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का सबसे बड़ा केंद्र है. यहां MPPSC से लेकर हर छोटी-बड़ी परीक्षाओं की कोचिंग होती है लेकिन संसाधनों की कमी के चलते कई छात्र इन महंगी कोचिंग में पढ़ाई नहीं कर पाते, इसलिए सरकार भी छात्रों को मुफ्त में परीक्षा की तैयारी कराती है. देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र (PETC) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के होनहार युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है. खासकर ऐसे छात्र जो पढ़ाई में तो अव्वल होते हैं लेकिन पैसों के चलते महंगी कोचिंग में एडमिशन नहीं ले पाते, उनके लिए यह केंद्र वरदान साबित हो रहा है. अब तक 400 से ज्यादा छात्र यहां से चयनित हो चुके हैं. भले ही यह केवल आरक्षित वर्ग के लिए हो लेकिन अनारक्षित युवाओं को भी कुछ प्रक्रियाओं के बाद यहां बैठकर पढ़ने की सुविधा मिलती है.
परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में MPPSC की प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तीनों चरणों की तैयारी कराई जाती है. इसके अलावा कर्मचारी चयन मंडल पुलिस आरक्षक, सब-इंस्पेक्टर, और अन्य सरकारी भर्तियों की तैयारी भी कराई जाती है. रेलवे भर्ती, बैंकिंग और अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए भी समय-समय पर विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं. इस प्रशिक्षण केंद्र में न केवल छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाता है बल्कि पुस्तकालय और छात्रावास जैसी सुविधाएं भी यहां उपलब्ध हैं. इसके अलावा ST-SC वर्ग के छात्रों को खासतौर पर स्कॉलरशिप भी दी जाती है ताकि उन्हें आर्थिक रूप से मदद मिल सके. यहां वह फैकल्टी आती है, जो अपने विषय के विशेषज्ञ होते हैं, साथ ही खुद कई प्रशासनिक सेवाओं का अनुभव रखते हैं. वहीं मॉक इंटरव्यू के लिए रिटायर्ड अधिकारी पैनल में बैठते हैं.
कैसे करें आवेदन?
इसके लिए आपको मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है, साथ ही आपके पास जाति प्रमाण पत्र भी होना चाहिए. हर साल परीक्षा के विज्ञापन के बाद नया सत्र शुरू होता है. सीटों की संख्या सीमित होने के कारण प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें मेरिट के आधार पर छात्रों का चयन होता है. चयनित छात्रों के लिए यह प्रशिक्षण केंद्र पूरी तरह से मुफ्त है. अगर आप यहां एडमिशन लेना चाहते हैं, तो ग्रेजुएशन में आपके अंक 55 फीसदी से अधिक होने चाहिए. वहीं परिवार की सालाना आय 6 लाख रुपये से कम होनी चाहिए.
सैकड़ों छात्रों का चयन
परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र से अब तक 444 छात्रों का चयन राज्य सेवा परीक्षा में हो चुका है, जो डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार समेत अन्य उच्च पदों पर काम कर रहे हैं. वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर समेत अन्य परीक्षाओं के भी 84 से ज्यादा छात्र सलेक्ट हो चुके हैं. अगर आप भी परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं और आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं, तो PETC सेंटर से अपनी परीक्षा की तैयारी का सफर शुरु कर सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.