Last Updated:
नई दिल्ली. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से पंगा लेने का मन बना लिया है. आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. इस बीच बोर्ड की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल हुसैन ने बुधवार को बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर रहती है तो बोर्ड को कोई आर्थिक नुकसान नहीं होगा. टूर्नामेंट का आयोजन भारत के पांच और श्रीलंका के तीन मैदानों पर 7 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाना है.
नजमुल हुसैन के मुताबिक, अगर बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं जाता तो खिलाड़ियों को ही आर्थिक नुकसान होगा क्योंकि उन्हें मैच फीस नहीं मिलेगी. नजमुल ने Cricbuzz से कहा, ‘अगर हम वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेते तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा, नुकसान खिलाड़ियों को होगा.’ उन्होंने बताया कि 2027 तक बोर्ड की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि 2022 की ICC फाइनेंशियल मीटिंग में ये पहले ही तय हो चुका है. भविष्य के वर्ल्ड कप या द्विपक्षीय या अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स में ये मायने रख सकता है, जैसे कि टीमें FTP के तहत हमारे पास आएंगी या नहीं, ये सही सवाल हैं. लेकिन इस वर्ल्ड कप से इसका कोई लेना-देना नहीं है.
उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों को नुकसान होगा क्योंकि जब वे खेलते हैं तो हर मैच के लिए उन्हें मैच फीस मिलती है. अगर कोई मैच में हिस्सा लेता है, मैन ऑफ द मैच बनता है या कोई खास प्रदर्शन करता है तो ICC के नियमों के मुताबिक उसे उसका पैसा मिलता है. वो पैसा पूरी तरह खिलाड़ी का होता है, बोर्ड का उससे कोई लेना-देना नहीं है. मतलब बोर्ड को इससे कोई फायदा या नुकसान नहीं है, कम से कम इस वर्ल्ड कप के लिए.’
उन्होंने ये भी कहा कि अगर बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होता है तो बोर्ड खिलाड़ियों को उनके नुकसान की भरपाई नहीं करेगा. उनके मुताबिक इसमें मुआवजे का कोई मतलब नहीं है क्योंकि जब खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो उनसे पैसे वापस नहीं मांगे जाते. नजमुल ने कहा, ‘हम क्यों मुआवजा दें?’ उन्होंने पूछा, ‘अगर वे कहीं जाते हैं और कुछ नहीं कर पाते तो जो करोड़ों रुपये हम उनके पीछे खर्च करते हैं, क्या हम वो पैसा उनसे वापस मांगते हैं? क्या हम मांगते हैं?’ उन्होंने आगे कहा, ‘कोई वजह नहीं है (कि हम मुआवजा क्यों नहीं देंगे) क्योंकि ये सवाल उठना ही नहीं चाहिए, हम उनके पीछे पहले ही इतना खर्च करते हैं. अगर हम कहना शुरू कर दें कि तुमने खराब खेला, अब पैसे वापस करो, क्या ये सही है?’
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें