KL Rahul ODI Record: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार शतक जड़कर भारत की लाज बचा ली. उनकी ये पारी उस समय पर आई, जब विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे धाकड़ बल्लेबाज फ्लॉप हुए. श्रेयस अय्यर ने भी निराश किया और आधी टीम इंडिया 191 रनों पर पवेलियन लौट गई थी. इसके बाद केएल राहुल ने सारा दारोमदार अपने कंधों पर लिया और 112 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर भारत का स्कोर 284 रन तक पहुंचाया.
केएल राहुल ने अपने वनडे इंटरनेशनल का 8वां शतक जड़ा. स्टार खिलाड़ी ने इसके साथ ही एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसके बारे में जानकर आप उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे. पिछले 4-5 सालों में राहुल को इस फॉर्मेट में जिस नंबर पर भी आजमाया गया है, उन्होंने निराश नहीं किया है. 2025 से लगातार वो टीम इंडिया के फिनिशर का रोल निभा रहे हैं और नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है.
आखिरी 10 ओवरों के सिकंदर बने केएल राहुल
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 92 गेंदों पर नाबाद 112 रनों की पारी खेलकर केएल राहुल ने ग्लेन फिलिप्स के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. 2025 से वो आखिरी 10 ओवरों में गेंदबाजों के लिए सबसे बड़े काल बनकर उभरे हैं. 2025 से राहुल ने ODI में 40 से 50 ओवरों के बीच यानी डेथ ओवरों में 140.09 की स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए हैं. इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को पीछे छोड़ दिया है. कीवी खिलाड़ी ने 2025 से ODI में आखिरी 10 ओवरों में 157.4 की स्ट्राइक रेट से 244 रन बनाए हैं.
राजकोट के पहले शतकवीर बने केएल राहुल
केएल राहुल ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर का 8वां शतक जड़कर इतिहास रच दिया. बतौर विकेट कीपर ये उनका तीसरा शतक है. सबसे खास बात ये है कि वो राजकोट में सेंचुरी जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले इस मैदान पर सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था, जिन्होंने 96 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: KL Rahul ने मिटा दिया बड़ा कलंक! राजकोट में किया ऐसा करिश्मा, जो सचिन-कोहली 102 शतक मारकर भी नहीं कर सके